दिवाली पर स्मार्टफोन की बिक्री में 20 प्रतिशत तक गिरावट, रियलमी को सबसे ज्यादा नुकसान
क्या है खबर?
इस बार दिवाली के मौके पर मोबाइल फोन की दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही तो रही, लेकिन खरीदारी पिछले साल के मुकाबले कम हुई। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑफलाइन बाजार में बिकने वाले स्मार्टफोन की संख्या 18-20 फीसदी तक घट गई। हालांकि, कुल बिक्री की कीमत में खास बदलाव नहीं आया। धनतेरस से दिवाली के अगले दिन तक ग्राहक दुकानों पर पहुंचे, लेकिन उससे पहले के 7 दिनों में बिक्री 40 फीसदी कम रही।
गिरावट
रियलमी की बिक्री में आई सबसे बड़ी गिरावट
इस बार रियलमी को स्मार्टफोन बाजार में सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है।
AIMRA के अनुसार, अलग-अलग इलाकों में कंपनी के फोन की बिक्री 50 फीसदी से अधिक घट गई। इसकी वजह दूसरे ब्रांड के मुकाबले ज्यादा कीमतें, नए फोन लॉन्च नहीं होना और ग्राहकों को बेहतर ऑफर नहीं मिलना बताया गया।
दूसरी तरफ, ऐपल और मोटोरोला के फोन की मांग अच्छी रही। पुराने आईफोन मॉडल के साथ गूगल पिक्सल और शाओमी के स्मार्टफोन भी ग्राहकों की पसंद बने।
ऑनलाइन
ऑनलाइन और ऑफलाइन कीमतों के अंतर से परेशानी
वीवो और ओप्पो के कुछ स्मार्टफोन की बिक्री अच्छी रही, लेकिन 20,000 रुपये से कम कीमत वाले नए 5G स्मार्टफोन की कमी से इन कंपनियों को नुकसान हुआ।
सैमसंग के लिए भी त्योहारी कारोबार आसान नहीं रहा। ऑनलाइन और दुकानों पर एक ही फोन की कीमत में अंतर होने से पारंपरिक दुकानदारों को परेशानी हुई।
रिपोर्ट में बताया गया कि कुछ दुकानदार ऑनलाइन बिक्री के लिए रखे गए सैमसंग फोन दूसरे माध्यमों से खरीदकर अपने स्टोर पर बेच रहे थे।
मुश्किलें
छोटे मोबाइल दुकानदारों के सामने बढ़ी मुश्किलें
कम कीमत वाले स्मार्टफोन बेचने वाले छोटे दुकानदारों पर भी दबाव रहा।
15,000 रुपये से कम के फोन खरीदने पहुंचे कई ग्राहक बिना खरीदारी लौट गए या पुराने और दोबारा ठीक किए गए फोन लेने लगे। वहीं, बड़े दुकानदारों को पहले से जमा किए गए फोन और 12-15 फीसदी तक की छूट का फायदा मिला।
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 60 फीसदी खरीदारी किस्तों पर हुई। बढ़ती लागत के चलते कंपनियां आगे फोन की कीमतें 15 फीसदी तक बढ़ा सकती हैं।