दिग्गज कंपनियां कर रही AI की बेकाबू रफ्तार पर ब्रेक की मांग
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दिग्गज कंपनियाें के प्रमुख अब AI के तेज विकास पर ब्रेक लगाने की बात कह रहे हैं। इसमें एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई, OpenAI के प्रमुख सैम ऑल्टमैन, XAI के एलन मस्क और गूगल डीपमाइंड के सह संस्थापक और अध्यक्ष डेमिस हसाबिस शामिल हैं।
उन्हें डर है कि इस जल्दबाजी से ऐसे खतरे पैदा हो सकते हैं, जिन पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं रहेगा। अमोदेई ने अपने लेख 'पेसिंग द फ्रंटियर' में खास तौर पर कहा है कि हालात बेकाबू होने से पहले AI की रफ्तार धीमी करके सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने बहुत जरूरी हैं।
3-सूत्रीय प्लान का दिया सुझाव
अमोदेई ने AI की सुरक्षा के लिए 3-सूत्रीय प्लान सुझाया है। इसके तहत, पहला कदम यह है कि नए AI सिस्टम को जांचने के लिए स्वतंत्र विशेषज्ञों की मदद ली जाए। दूसरा देश और दुनियाभर में AI के लिए कड़े नियम बनाए जाएं और तीसरा सभी देश मिलकर इस दिशा में काम करें।
इस प्लान का मुख्य मकसद यह सुनिश्चित करना है कि ताकतवर AI सिस्टम सुरक्षित और पारदर्शी रहें। यह बात और महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि हाल ही में फ्रंटियर AI कंपनियों के 1,386 कर्मचारियों ने भी तेजी से बढ़ रही इस तकनीक पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।