Loading...
करगिल युद्ध लड़ने वाले पूर्व वायुसेना अधिकारी पर गुरुग्राम में हमला, लोहे की रॉड से पीटा
गुरुग्राम में पार्किंग विवाद को लेकर पूर्व ग्रुप कैप्टन पर हमला हुआ है

करगिल युद्ध लड़ने वाले पूर्व वायुसेना अधिकारी पर गुरुग्राम में हमला, लोहे की रॉड से पीटा

लेखन आबिद खान
Sep 14, 2026
11:29 am

क्या है खबर?

गुरुग्राम में भारतीय वायुसेना के एक सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन पर गंभीर हमले का मामला सामने आया है। कैप्टन की पहचान अमित कुमार गुप्ता के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मैग्नम ग्लोबल पार्क में उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला किया गया।

मामला

रेस्टोरेंट के पार्किंग स्टाफ के साथ हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार (10 सितंबर) की रात गुप्ता अपने परिवार के साथ गोंजो रेस्टोरेंट में डिनर करने पहुंचे थे। परिवार को उतारने के बाद कार पार्क करने को लेकर उनका पार्किंग स्टाफ से विवाद हो गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें वैलेट, बेसमेंट और मल्टी-लेवल पार्किंग के बीच भटकाया गया। इसके बाद पार्किंग अटेंडेंट ने कथित तौर पर विंडशील्ड तोड़ने की भी कोशिश की।

विवाद बढ़ने पर पार्किंग स्टाफ ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया।

शिकायत

'ऑपरेशन सफेद सागर' का हिस्सा रहे हैं गुप्ता

गुप्ता ने पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस पर मदद नहीं करने और अस्पताल पर गलत रिपोर्ट देने के भी आरोप लगाए हैं।

उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों या पार्किंग के किसी अन्य कर्मचारी ने उनकी मदद नहीं की। गुप्ता के मुताबिक, हेल्पलाइन पर फोन करने के आधे घंटे बाद तक पुलिस नहीं आई।

गुप्ता 1999 करगिल युद्ध के दौरान वायुसेना के 'ऑपरेशन सफेद सागर' मिशन का हिस्सा रहे हैं।

ADVERTISEMENT