सॉफ्टबैंक के शेयरों में 3 महीने की सबसे बड़ी गिरावट, आज 13 प्रतिशत टूटे शेयर
क्या है खबर?
जापान की टेक्नोलॉजी निवेश कंपनी सॉफ्टबैंक ग्रुप के शेयरों में सोमवार (14 सितंबर) को 13 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई। यह करीब तीन महीनों में कंपनी की सबसे बड़ी गिरावट बताई जा रही है। निवेशकों की चिंता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कारोबार को लेकर बढ़ी है। एंथ्रोपिक और OpenAI के प्रमुखों ने सुरक्षा कारणों से नए AI मॉडल्स के विकास पर धीमे चलने की बात कही है। इससे सॉफ्टबैंक की रणनीति पर सवाल उठे हैं।
चिंता
OpenAI में बड़े निवेश से बढ़ी चिंता
सॉफ्टबैंक OpenAI के सबसे बड़े निवेशकों में शामिल है।
अक्टूबर तक ChatGPT बनाने वाली कंपनी में उसका कुल निवेश करीब 65 अरब डॉलर (करीब 6,220 अरब रुपये) पहुंचने की उम्मीद है। सॉफ्टबैंक AI क्षेत्र में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए लगातार पैसा लगा रहा है।
कंपनी 1 लाख करोड़ येन (करीब 62,000 करोड़ रुपये) के रिटेल बॉन्ड जारी करने की योजना बना रही है। इसके अलावा, OpenAI के शेयरों से जुड़े 10 अरब डॉलर के कर्ज की भी तैयारी है।
डर
AI कारोबार की रफ्तार धीमी होने का डर
एंथ्रोपिक और OpenAI ने हाल ही में कई सुरक्षा घटनाओं के बाद नए AI मॉडल्स के विकास में सावधानी बरतने की बात कही है।
इससे निवेशकों को डर है कि AI कारोबार की रफ्तार पहले जैसी नहीं रहेगी। सॉफ्टबैंक के संस्थापक मासायोशी सोन AI की क्षमता पर बड़ा भरोसा जताते रहे हैं।
हालांकि, बाजार में अब सवाल उठ रहे हैं कि अगर AI कंपनियों का विकास धीमा हुआ, तो सॉफ्टबैंक के बड़े निवेशों का मूल्य भी प्रभावित हो सकता है।
चिंता
कर्ज, अधिग्रहण और IPO की चिंता
सॉफ्टबैंक ABB रोबोटिक्स और डिजिटल ब्रिज जैसी कंपनियों के अधिग्रहण के लिए भी कर्ज जुटा रहा है।
कंपनी दुनियाभर में डाटा सेंटर बनाने की योजना पर काम कर रही है। वहीं, OpenAI के IPO में देरी की खबरों से भी निवेशकों की चिंता बढ़ी है। जून के उच्च स्तर से सॉफ्टबैंक के शेयर लगभग 30 प्रतिशत नीचे आ चुके हैं।
कंपनी को AI क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा, साइबर हमलों और भारी कर्ज के कारण दबाव झेलना पड़ रहा है।