
अंतरिक्ष से पृथ्वी के लिए रवाना हुए शुभांशु शुक्ला, वापसी में लगेगा कितना समय?
क्या है खबर?
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आज (14 जुलाई) शाम करीब 04:30 अपने 3 अन्य साथियों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) से पृथ्वी के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने स्पेस-X के ड्रैगन 'ग्रेस' अंतरिक्ष यान से वापसी यात्रा शुरू की है। यह एक्सिओम-4 मिशन का हिस्सा है, जिसमें शुक्ला इस यान का संचालन भी कर रहे हैं। इससे पहले, भारतीय समयानुसार आज दोपहर 03:00 बजे स्पेस कैप्सूल का हैच बंद कर दिया गया था।
समय
वापसी में कितना समय लगेगा?
स्पेस-X का ड्रैगन अंतरिक्ष यान को पृथ्वी पर लौटने में लगभग 22.5 घंटे लगेंगे। भारतीय समयानुसार यह कल (15 जुलाई) दोपहर करीब 03:00 बजे कैलिफोर्निया तट के पास प्रशांत महासागर में उतरेगा। इसके बाद नासा और स्पेस-X की ग्राउंड टीमें लैंडिंग की प्रक्रिया पूरी करेंगी। अंतरिक्ष में लगभग 20 दिन बिताने के बाद यह टीम सुरक्षित वापसी की ओर अग्रसर है। बता दें, पृथ्वी पर आने के बाद सभी यात्रियों को कुछ विशेषज्ञों की निगरानी में रहना होगा।
विदाई
शुक्ला ने भावुक अंदाज में किया विदाई भाषण
ISS से रवाना होने से पहले हुए विदाई समारोह में शुक्ला ने अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा के प्रसिद्ध शब्द "सारे जहां से अच्छा" दोहराए। उन्होंने कहा कि आज का भारत निडर, आत्मविश्वासी और गर्व से भरा हुआ दिखता है। यह पल भावनात्मक था, जहां उन्होंने भारत के आत्मविश्वास और महत्वाकांक्षा को दर्शाया। मिशन के दौरान टीम ने कई वैज्ञानिक प्रयोग और सहयोगात्मक कार्यों को अंजाम दिया।