पुणे के एक ग्रामीण स्कूल के 2 छात्र श्रीराज शिंदे और आरोही उजगारे 28-29 नवंबर को सियोल में होने वाली रोबोटिक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भारत की तरफ से हिस्सा लेने जा रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर 200 से ज्यादा प्रतिभागियों में से चुने जाने के बाद वे वहां 'फोक रेस' और 'गर्ल्स फायर फाइटिंग' चुनौतियों में हिस्सा लेंगे।
इसके साथ ही वे 'एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज' के तहत बनाया गया अपना स्कूल मैनेजमेंट और सेफ्टी ऐप 'शोवेरा' भी पेश करेंगे।
बहुभाषी ऑफलाइन स्कूल ऐप पेश करेंगे
शोवेरा एक बहुभाषी स्कूल मैनेजमेंट ऐप है, जो ऑफलाइन भी काम करता है। यह उन स्कूलों के लिए बहुत काम का है, जहां इंटरनेट ठीक से नहीं आता।
इस ऐप को 'एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज' के तहत बनाया गया है और इसे सियोल में दिखाया जाएगा। उनकी इस यात्रा को ZS एसोसिएट्स और फिएट के CSR प्रोग्रामों से काफी मदद मिली है। इन प्रोग्रामों की वजह से ग्रामीण स्कूलों तक STEM शिक्षा पहुंच पाई है।
पुणे जिला परिषद के उपाध्यक्ष विवेक वलसे पाटील ने इस मौके पर कहा, "राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हमारे छात्रों की सफलता और दक्षिण कोरिया में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए उनका चुना जाना यह दिखाता है कि अगर, ग्रामीण छात्रों को सही मार्गदर्शन, सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले तो वे क्या कुछ नहीं कर सकते।"