सर्वाइकल कैंसर से लड़ने के लिए तैयार हुई शेता2 गोली
शेता2 (SHetA2) नाम की एक नई गोली सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए तैयार की गई है। यह गोली ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के उन हानिकारक प्रोटींस को रोकती है, जो इस बीमारी का मुख्य कारण बनते हैं। इसकी सबसे खास बात यह है कि शेता2 सिर्फ उन्हीं कोशिकाओं को निशाना बनाती है, जो कैंसर से प्रभावित होती हैं, जबकि स्वस्थ कोशिकाएं पूरी तरह सुरक्षित रहती हैं।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय कैंसर रोकथाम और अनुसंधान संस्थान (ICMR-NICPR) के डॉ. शोकेत हुसैन ने बताया है कि यह दवा शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाती है।
यह इम्यून सिस्टम को उन खतरनाक प्रोटींस को शरीर से बाहर निकालने में सक्षम बनाती है। इस खोज को चिकित्सा जगत में एक बड़ी और आशाजनक प्रगति के तौर पर देखा जा रहा है।
दवा का कैप्सूल के रूप में किया परीक्षण
अभी तक शेता2 का परीक्षण कैप्सूल के रूप में हुआ है। वैज्ञानिक अब इसके दूसरे तरीकों पर भी गौर कर रहे हैं, जैसे कि योनि सपोसिटरी।
इस थेरेपी को स्टीफेंसन कैंसर सेंटर ने विकसित किया है और ICMR-NICPR के साथ शुरुआती अध्ययनों में यह काफी असरदार साबित हुई है।
अब एमक्योर फार्मास्युटिकल्स बड़े पैमाने पर मानव परीक्षण शुरू करेगी। इन परीक्षणों को पूरा होने में लगभग 5 साल लग सकते हैं। इसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि क्या यह किफायती गोली आम लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध हो पाएगी या नहीं।