OpenAI के 3 बड़े अधिकारी फर्जी वीडियो कॉल में फंसे, रूसी प्रैंकस्टर्स ने बनाया बेवकूफ
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI के 3 वरिष्ठ अधिकारी एक फर्जी वीडियो बैठक का शिकार हो गए हैं। द इंटरसेप्ट की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के 2 चर्चित प्रैंकस्टर्स ने खुद को यूक्रेन की विदेशी खुफिया सेवा का प्रमुख रुस्तम उमरोव बताकर कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया। करीब 17 मिनट तक चली इस बैठक में अधिकारियों को लगा कि वे यूक्रेन के एक वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधि से बात कर रहे हैं। बातचीत का वीडियो भी ऑनलाइन सामने आया है।
बैठक
कौन थे बैठक में शामिल OpenAI के अधिकारी?
रिपोर्ट के अनुसार, प्रैंकस्टर्स ने रुस्तम उमरोव की पहचान का इस्तेमाल करके बैठक तय की। इसमें OpenAI की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति प्रमुख साशा बेकर, रणनीतिक योजनाओं की प्रमुख कैरोलीन जियर और यूरोप में राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के प्रमुख बेन क्रैम्पटन शामिल हुए।
इन तीनों अधिकारियों को सरकारी विभागों में काम करने का अनुभव है। वे पहले अमेरिकी रक्षा विभाग, यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र (UN) में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
बात
यूक्रेन को AI तकनीक देने पर क्या हुई बात?
बातचीत के दौरान कंपनी के अधिकारियों ने यूक्रेन को AI आधारित तकनीक उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा की।
इसमें रूस के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में इस्तेमाल होने वाले AI उपकरणों का विषय भी उठा। बेन क्रैम्पटन ने कहा कि OpenAI यूक्रेन के साथ अपना सहयोग बढ़ाना चाहती है, लेकिन सैन्य इस्तेमाल को लेकर कुछ सीमाएं हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि कई परिस्थितियों में हमले और बचाव के लिए इस्तेमाल होने वाली तकनीक को अलग करना मुश्किल होता है।
जांच
कंपनी ने जांच के बाद उठाए कदम
OpenAI के प्रवक्ता नेट इवांस ने बताया कि कंपनी ने कॉल की जांच की और संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी साझा की है।
जांच में सामने आया कि इसके पीछे ऐसे लोग थे, जो पहले भी सरकारी अधिकारियों और कंपनियों को निशाना बना चुके हैं। कंपनी ने दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए कदम उठाए हैं।
इस प्रैंक के पीछे व्लादिमीर कुजनेत्सोव और एलेक्सी स्टोलियारोव थे, जो 2011 से दुनियाभर में चर्चित लोगों को निशाना बना रहे हैं।