वैज्ञानिकों ने बनाया वैक्विटा के कंकाल का डिजिटल मॉडल
वैज्ञानिकों ने वैक्विटा के कंकाल का एक बेहद विस्तृत डिजिटल मॉडल तैयार किया है। वैक्विटा मेक्सिको का एक छोटा स्तनधारी समुद्री जीव है, जिसकी संख्या अब दुनिया में सिर्फ 7 से 10 ही बची है।
1966 में मिले एक नमूने का उपयोग करके यह प्रोजेक्ट अब शोधकर्ताओं को इस बेहद दुर्लभ समुद्री जीव का अध्ययन और संरक्षण करने का मौका देगा, वो भी बिना उसके कीमती अवशेषों को कोई नुकसान पहुंचाए।
सबके लिए शोध करना हुआ आसान
टीम ने अस्पताल के जैसी CT स्कैन तकनीक और फोटोग्राफी का इस्तेमाल करके इसका एक बेहद सटीक 3D मॉडल बनाया है, जो अब इंटरनेट पर सभी के लिए मुफ्त उपलब्ध है।
फ्लोरिडा अटलांटिक यूनिवर्सिटी में डॉक्टरेट के शोधकर्ता और इस अध्ययन के मुख्य लेखक जेमी नॉब का कहना है कि इस तरह का ओपन-एक्सेस डाटा दुनियाभर में संरक्षण के प्रयासों को बढ़ावा दे सकता है। इससे ज्यादा लोगों को यह समझने में भी मदद मिलेगी कि वैक्विटा को बचाना कितना जरूरी है।