प्रशांत महासागर के दूरदराज के मार्शल आइलैंड्स में वैज्ञानिकों को 2 ऐसे मूंगा द्वीप (कोरल एटोल) मिले हैं, जिन पर इंसानों का बहुत कम असर हुआ है। इन द्वीपों का नाम बिकार और बोकाक है।
वैज्ञानिकों ने इन द्वीपों को केवल मार्शल आइलैंड्स का नहीं, बल्कि पूरी धरती का खजाना बताया है। उनका कहना है कि ये यूटिरिक एटोल समुदाय की तरफ से मिला एक अनमोल तोहफा हैं क्योंकि इस समुदाय ने सदियों से इन नाजुक समुद्री जीवों वाले इलाकों की पूरी लगन से हिफाजत की है।
समुद्री इकोलॉजिस्ट एलन फ्रीडलैंडर का कहना है कि ये दुनिया की उन आखिरी जगहों में से हैं, जहां अभी तक इंसानों की छेड़छाड़ न के बराबर हुई है।
शोधकर्ताओं को मिलीं 266 रीफ मछली की प्रजातियां
2023 में एक खोज अभियान के दौरान शोधकर्ताओं को यहां रीफ मछलियों की 266 किस्में मिलीं, जिनमें कई शार्क भी थीं। साथ ही 17 तरह के समुद्री पक्षी और कछुओं के अंडे देने वाले ठिकाने भी देखे गए।
यहां तक कि उन्हें मछलियों के 14 ऐसे समूह भी दिखाई दिए, जो शायद इस इलाके के लिए बिल्कुल नए हो सकते हैं। हालांकि, ये द्वीप बहुत दूरदराज के इलाके में हैं, फिर भी इन्हें बाहर से आए चूहों और जलवायु परिवर्तन से खतरा है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि बिकार और बोकाक जैसे द्वीप हमें दिखाते हैं कि एक सेहतमंद समुद्र कैसा होता है। इसलिए इनकी हिफाजत करना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी है।