वैज्ञानिकों ने धरती के नीचे खोजी बड़ी स्लैब, भूकंप-ज्वालामुखी से है संबंध
अलास्का की गहराइयों में वैज्ञानिकों ने छोटे भूकंपों की एक बेहद स्पष्ट श्रृंखला पकड़ी है। यह श्रृंखला दरअसल याकुतत स्लैब की सीमा बताती है, जो असल में धरती की पपड़ी का एक बहुत बड़ा हिस्सा है।
इसकी पहचान करने के लिए शोधकर्ताओं ने डेनाली फॉल्ट इलाके से मिले भारी मात्रा में भूकंपीय डाटा को खंगालने के लिए मशीन लर्निंग तकनीक का इस्तेमाल किया।
यह नई जानकारी 2002 में अलास्का के सबसे बड़े अंदरूनी भूकंप के पीछे की वजहों को जानने में अहम साबित हो सकती है।
स्लैब की हलचल का ज्वालामुखी से संबंध
वैज्ञानिकों ने पाया है कि याकुतत स्लैब जितना पहले सोचा गया था, उससे कहीं अधिक उत्तर अमेरिका के नीचे फैला है और यह डेनाली फॉल्ट से भी नीचे तक पहुंचता है।
ये सूक्ष्म भूकंप इस बात का संकेत देते हैं कि जमीन के नीचे कहां-कहां तनाव बढ़ रहा है। इसके अलावा, शोधकर्ताओं का मानना है कि इस स्लैब की हलचल, जो अन्य टेक्टोनिक प्लेट्स के साथ मिलकर होती है, उसने करीब 10 लाख साल पहले अलास्का के ज्वालामुखी क्षेत्रों के निर्माण में योगदान दिया होगा। यह मामला केवल भूकंप से नहीं, बल्कि ज्वालामुखियों से भी गहरा संबंध रखता है।