'लॉकअप सीजन 2' में होगी कंगना रनौत की वापसी, 'जनता की आवाज' बनकर लेंगी हिस्सा
क्या है खबर?
एकता कपूर के रियलिटी शो 'लॉकअप सीजन 2' को जनता से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। शो से जुड़ा ताजा अपडेट उनकी खुशी को दोगुना कर देगा क्योंकि कंगना रनौत शो में वापसी कर रही हैं। बता दें, 'लॉकअप' के पहले सीजन की मेजबानी कंगना ने की थी जिसका प्रसारण 2022 में MX प्लेयर पर हुआ था। इस साल शो ने अपना ठिकाना नेटफ्लिक्स को बना लिया है और इसके होस्ट भी बदल गए हैं।
खुशी
कंगना ने शो में वापसी पर जाहिर किया उत्साह
'लॉकअप 2' की मेजबानी रितेश देशमुख व फराह खान मिलकर कर रहे हैं। वहीं कंगना इस हफ्ते 'जनता की आवाज' बनकर आएंगी। अभिनेत्री ने कहा, "यह शो हमेशा से अपनी सच्चाई को स्वीकार करने के बारे में रहा है, चाहे वह कितनी भी असहज क्यों न हो। इस सप्ताहांत 'लॉकअप' के पहले निष्कासन के लिए जूरी या जनता की आवाज के रूप में शामिल होते हुए, मैं बस इतना कह सकती हूं कि हर विकल्प की एक कीमत होती है!"
वजह
एकता ने बताई थी कंगना को न लेने की वजह
'लॉकअप 2' के लॉन्च पर, एकता ने बताया था कि कंगना दूसरे सीजन में क्यों नहीं लाैटीं। उन्होंने कहा था, "शो का पूरा फॉर्मेट, पूरी सोच और दर्शकों का नजरिया, जेलर-जज वाला फॉर्मेट, सबकुछ बदल गया है। मूल शो का कुछ भी नहीं रखा गया है। न तो जेलर को और न ही होस्ट को, इसलिए पुरानी चीजों को रखने से ब्रांडिंग की नई छवि नहीं बन पाती।" बता दें, शो शनिवार से बुधवार तक नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होता है।