LOADING...
अमेजन पर बड़ा मुकदमा, प्राइम वीडियो में विज्ञापन दिखाकर अतिरिक्त शुल्क लेने का आरोप
ऑस्ट्रेलिया में अमेजन पर बड़ा मुकदमा

अमेजन पर बड़ा मुकदमा, प्राइम वीडियो में विज्ञापन दिखाकर अतिरिक्त शुल्क लेने का आरोप

Jul 01, 2026
11:16 am

क्या है खबर?

ई-कॉमर्स और टेक कंपनी अमेजन पर ऑस्ट्रेलिया में एक बड़ा मुकदमा दर्ज किया गया है। देश की प्रतिस्पर्धा और उपभोक्ता अधिकारों की निगरानी करने वाली संस्था ACCC ने कंपनी के खिलाफ फेडरल कोर्ट का रुख किया है। आरोप है कि प्राइम वीडियो सेवा में बदलाव करते समय ग्राहकों के साथ अनुचित शर्तें लागू की गईं। बताया गया कि नवंबर, 2023 से अगस्त, 2025 के बीच 10 लाख से ज्यादा सालाना प्राइम सदस्य इस बदलाव से प्रभावित हुए।

आरोप

विज्ञापन हटाने के लिए मांगे गए अतिरिक्त पैसे

मामले की मुख्य वजह प्राइम वीडियो पर विज्ञापन शुरू करना है। आरोप है कि जिन लोगों ने पहले से सालभर की प्राइम सदस्यता ले रखी थी, उन्हें भी विज्ञापनों वाला वीडियो दिखाया गया। अगर कोई बिना विज्ञापन के कंटेंट देखना चाहता था, तो उससे हर महीने 2.99 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर अतिरिक्त शुल्क देने को कहा गया। ACCC का कहना है कि इससे पहले से भुगतान कर चुके ग्राहकों को नुकसान पहुंचा।

नुकसान

ग्राहकों को नहीं मिला पहले जैसा फायदा

रेगुलेटर का कहना है कि सेवा में बदलाव के बाद बड़ी संख्या में ग्राहकों को पहले जैसी सुविधा नहीं मिली है। आरोप है कि कंपनी ने बिना किसी रिफंड या उचित मुआवजे के प्राइम वीडियो की सेवा में बदलाव कर दिया। जांच में यह भी कहा गया कि कंपनी ने अपने अनुबंध की कुछ शर्तों का इस्तेमाल कर ग्राहकों की सहमति के बिना सेवा में बड़े बदलाव करने का अधिकार अपने पास रखा है।

Advertisement

मांग

कोर्ट से जुर्माना और राहत की मांग

ग्राहकों की शिकायतों के बाद ACCC ने जांच शुरू की और अब कोर्ट से अमेजन पर भारी जुर्माना लगाने, प्रभावित ग्राहकों को राहत देने तथा अन्य जरूरी आदेश जारी करने की मांग की है। दूसरी ओर, अमेजन ऑस्ट्रेलिया ने कहा है कि वह प्राइम वीडियो से जुड़े मामले की समीक्षा कर रही है। कंपनी का कहना है कि उसने जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया है।

Advertisement