सऊदी अरब में हज की लाखों भीड़ को संभालने में होगा AI का इस्तेमाल
सऊदी अरब ने इस साल हज की तैयारी में एक बड़ा कदम उठाया है। इसके लिए वे एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस सिस्टम का नाम 'रोया' है, जिसकी हाल ही में एक वायरल वीडियो में खूब चर्चा हुई।
इसे मक्का में उमड़ने वाली भारी भीड़ को बेहतर तरीके से संभालने के लिए बनाया गया है। इस सिस्टम को किंग अब्दुलअजीज विज्ञान और प्रौद्योगिकी नगर (KACST) ने गृह मंत्रालय के साथ मिलकर तैयार किया है। 'रोया' रीयल-टाइम डाटा का उपयोग करता है, जिससे पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
हज की भीड़ पर नजर रखेंगे रोबोट
'रोया' भीड़ के घनत्व और ट्रैफिक के बहाव पर रीयल-टाइम में नजर रखने के लिए लगभग 2,000 सैटेलाइट इमेज और हवाई तस्वीरों का इस्तेमाल करता है।
इसके साथ ही, पवित्र स्थलों पर कई भाषाओं वाले रोबोट भी लगाए गए हैं। ये तीर्थयात्रियों का मार्गदर्शन करते हैं, उनके सवालों के जवाब देते हैं और तुरंत अनुवाद भी कर सकते हैं।
इसके अलावा, 'बसीर' और 'सवाहेर' जैसे दूसरे AI सिस्टम भी लाइव वीडियो फीड और डाटा विश्लेषण का उपयोग करते हैं। ये सिस्टम भीड़ बढ़ने से पहले ही उसे पहचान लेते हैं, जिससे हज के दौरान सभी लोग सुरक्षित रहें।