बचपन की दुर्लभ बीमारियों को 10 मिनट में पहचानेगा सैनोफी का नया AI टूल
सैनोफी इंडिया ने एक्सएलरेयर नाम का एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल लॉन्च किया है। यह टूल चिकित्सकों को उन दुर्लभ बीमारियों को जल्द पहचानने में सहायक होगा, जो अक्सर बचपन की आम बीमारियों जैसी लगती हैं।
इस टूल के इस्तेमाल से स्वास्थ्यकर्मी सिर्फ 10 मिनट में लक्षणों, मेडिकल हिस्ट्री और जांच के नतीजों को देखकर संभावित दुर्लभ बीमारियों का शुरुआती दौर में ही पता लगा सकते हैं।
310 बीमारियों को करता है कवर
सैनोफी के मिलन चोकसी ने बताया कि इन बीमारियों को अगर, समय पर पहचान लिया जाए तो गलत इलाज से होने वाले लंबे समय के नुकसान को टाला जा सकता है। इस टूल को शिशु रोग चिकित्सकों और सामान्य चिकित्सकों तक पहुंचाया जाएगा।
यह टूल 310 दुर्लभ बीमारियों की पहचान कर सकता है और इसकी सटीकता 88 फीसदी है। खास बात यह है कि यह पूरी तरह निःशुल्क है और मरीजों की जानकारी को गोपनीय रखता है।
इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे चिकित्सकों की सहायता करना है, जिन्हें भारत में मौजूद सैकड़ों दुर्लभ बीमारियों के बारे में शायद ज्यादा पता नहीं होता।