सैमसंग अब ह्यूमनॉइड रोबोट के बाजार में उतर रही है। कंपनी ने जनवरी, 2027 में लास वेगास में होने वाले CES इवेंट में अपना पहला ह्यूमनॉइड रोबोट प्रोटोटाइप दिखाने की योजना बनाई है।
इस कदम से यह टेस्ला और यूनिट्री जैसी बड़ी कंपनियों के साथ खड़ा हो जाएगी। हाल ही में सैमसंग ने एक डेमो दिया था, जिसमें दिखाया गया कि ये रोबोट पूरे शरीर को कैसे कंट्रोल कर पाते हैं और हाथों-बाहों से चीजों को कैसे संभालते हैं?
2030 तक फैक्ट्री में तैनात करने का लक्ष्य
सैमसंग का इरादा है कि ये रोबोट 2030 तक फैक्ट्री में काम करने लगेंगे। हालांकि, कंपनी इन्हें घरों और बुजुर्गों की देखभाल जैसे कामों में भी इस्तेमाल करने पर विचार कर रही है।
जुलाई में बनी रोबोटिक्स एक्सपीरियंस (RX) यूनिट इस प्रोजेक्ट की अगुवाई कर रही है। दक्षिण कोरिया के गुमी शहर में इसके लिए एक नई प्रोडक्शन लाइन बनाने की भी योजना है।
RX लैब के मुखिया क्रिस हाउजर ने कहा, "अगर, आप किसी फैक्ट्री मालिक के पास जाते हैं और कहते हैं कि आपका रोबोट 99 फीसदी सफलता दर के साथ काम करता है तो वे अभी भी हंसेंगे क्योंकि उन्हें अपनी फैक्ट्री लाइन पर इसे लगाने के लिए 99.99 फीसदी सफलता दर चाहिए।"