सैमसंग ने पेश किया विंडफ्री AI क्लाइमेट सिस्टम, ठंडी हवा के साथ होगी बिजली की बचत
सैमसंग ने भारत में अपना नया स्मार्ट होम क्लाइमेट सिस्टम पेश किया है। यह सिस्टम कूलिंग, एयर प्यूरीफिकेशन और ऐप-आधारित कंट्रोल जैसी सुविधाएं एक साथ देता है।
इसे खासकर इसलिए बनाया गया है, ताकि गर्मी से राहत मिले और घर के अंदर की हवा की गुणवत्ता बेहतर हो सके। इस सिस्टम में विंडफ्री कूलिंग फीचर है, जिससे हवा के तेज झोंके सीधे आप तक नहीं पहुंचेंगे।
साथ ही, PM1.0 फिल्टर, स्मार्टथिंग्स ऐप कनेक्टिविटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वेरिएबल रेफ्रिजरेंट फ्लो (VRF) तकनीक भी इसमें दी गई है। यह बिजली बचाने में काफी मददगार है। नया सिस्टम गुरूग्राम के 'द ऑर्चर्ड' प्रोजेक्ट में अब उपलब्ध है।
क्या मिलते हैं इसके फीचर्स का फायदा?
विंडफ्री टेक्नोलॉजी हवा को 10,000 छोटे छेदों से धीरे-धीरे फैलाती है। इससे ठंडी हवा का सीधा झोंका महसूस किए बिना आपको आराम मिलता है, जो खासकर रात में बेहद सुकूनदायक होता है।
दूसरी तरफ, PM1.0 फिल्टर बारीक धूल कणों को भी पकड़ लेता है और इलेक्ट्रोस्टैटिक तकनीक के जरिए 99 प्रतिशत बैक्टीरिया को नष्ट कर देता है। आप अपने फोन से इस सिस्टम को पूरी तरह कंट्रोल कर सकते हैं।
जियोफेंसिंग के जरिए शेड्यूल तय करने के अलावा, आप बिजली की खपत पर भी नजर रख सकते हैं या घर पहुंचने से पहले ही तापमान एडजस्ट कर सकते हैं।
इसके अलावा, इसमें लगी AI-आधारित VRF यूनिटें अपने आप माहौल के हिसाब से एडजस्ट होती हैं, जिससे बिजली के बिल में 15 प्रतिशत तक की बचत हो सकती है। स्मार्ट लिविंग के शौकीनों के लिए यह बिजली के साथ-साथ पैसों की बचत का भी मौका देता है।