सैमसंग का पहला स्मार्ट चश्मा लॉन्च, कैमरा और AI फीचर्स से है लैस
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी सैमसंग ने आज स्मार्टफोन और स्मार्टवॉच के साथ गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट में स्मार्ट ग्लास भी लॉन्च किया है। कंपनी का यह पहला स्मार्ट आईवियर है, जिसे कुछ चुनिंदा वैश्विक बाजारों में पेश किया गया। सैमसंग ने इसके फ्रेम के लिए वॉर्बी पार्कर और जेंटल मॉन्स्टर के साथ साझेदारी की है। सैमसंग का दावा है कि यह स्मार्ट ग्लास रे-बैन मेटा स्मार्ट ग्लासेस को टक्कर देगा और यूजर्स को बिल्कुल नया स्मार्ट अनुभव देगा।
AI फीचर्स
AI फीचर्स से मिलेगा हैंड्स-फ्री अनुभव
सैमसंग ने गैलेक्सी ग्लासेस में गूगल जेमिनी AI असिस्टेंट का सपोर्ट दिया है।
यह पूरी तरह हैंड्स-फ्री इस्तेमाल का अनुभव देता है और रोजमर्रा के कई काम आसान बनाता है। नया स्मार्ट ग्लास रेस्तरां में टेबल बुक करने जैसे काम भी कर सकता है।
कंपनी का कहना है कि इसकी मदद से यूजर सवाल पूछ सकते हैं, लंबे मैसेज का समरी पढ़ सकते हैं, लाइव अनुवाद कर सकते हैं और कई दूसरे काम करा सकते हैं।
प्रोसेसर
प्रोसेसर, कैमरा और बैटरी पर खास ध्यान
गैलेक्सी ग्लासेस में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन AR1 जेन 1 चिपसेट दिया गया है। इसमें बिल्ट-इन कैमरा भी मिलता है, जिससे AI असिस्टेंट सामने दिख रही चीजों को समझकर जवाब दे सकता है।
कंपनी के अनुसार, यह एक बार चार्ज करने पर करीब नौ घंटे तक चल सकता है।
इसके साथ मिलने वाला चार्जिंग केस सात अतिरिक्त फुल चार्ज देने में सक्षम है और लंबे समय तक इस्तेमाल की सुविधा भी देता है।
अन्य
कॉल, म्यूजिक और रिकॉर्डिंग जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी
गैलेक्सी ग्लासेस टच कंट्रोल, वॉयस कंट्रोल और जेस्चर सपोर्ट के साथ आता है।
यूजर इससे कॉल कर सकते हैं, म्यूजिक सुन सकते हैं, तस्वीरें ले सकते हैं और सामने का दृश्य भी रिकॉर्ड कर सकते हैं। कॉल के दौरान यह वीडियो सीधे साथी ऐप के जरिए साझा करने की सुविधा देता है।
बता दें, सैमसंग ने फिलहाल गैलेक्सी ग्लासेस की कीमत और बिक्री शुरू होने की तारीख का ऐलान नहीं किया है। इसे चुनिंदा वैश्विक बाजारों में उपलब्ध कराया जाएगा।