OpenAI बना रही रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए ह्यूमनॉइड रोबोट
OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने हाल ही में खुलासा किया है कि उनकी कंपनी ह्यूमनॉइड रोबोट्स पर काम कर रही है।
ये रोबोट केवल मशीनें नहीं, बल्कि ऐसे बनाए जा रहे हैं, जो इंसानों की दुनिया में आसानी से घुल-मिल सकेंगें।
ऑल्टमैन ने बताया कि इन रोबोट्स के लिए स्मार्ट फिजिकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बनाना, उनके शरीर गढ़ने से कहीं ज्यादा मुश्किल है।
इसकी वजह यह है कि उन्हें ऐसी जगहों पर चलना-फिरना और काम करना होगा, जो इंसानों के हिसाब से बनी हैं।
घर-घर में निजी रोबोट की कल्पना
ऑल्टमैन एक ऐसे भविष्य का सपना देख रहे हैं, जहां हर घर में एक निजी रोबोट आम बात होगी। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हर किसी के पास अपना एक निजी रोबोट होना चाहिए।"
हालांकि, उनका मानना है कि यह सब एक रात में नहीं हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इन रोबोट्स के लिए रोजमर्रा के काम करना कितना जरूरी है, जैसे दरवाजे खोलना या सफाई करना। ये रोबोट काफी हद तक इंसानों की तरह ही काम कर सकेंगें।