रूसी ड्रोन AI की मदद से कर रहे यूक्रेन पर हमले, एंथ्रोपिक की चेतावनी
रूस में कुछ डेवलपर्स के एक छोटे ग्रुप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट क्लाउड का इस्तेमाल कर एक ऐसा सॉफ्टवेयर बनाया है, जो ड्रोन के झुंड को खुद ही यूक्रेन के डोनेट्स्क इलाके में टारगेट ढूंढने और उन पर हमला करने की ताकत देता है।
खास बात ये है कि इन हमलों के लिए किसी इंसान की आखिरी मंजूरी की जरूरत नहीं पड़ती। इन डेवलपर्स ने एंथ्रोपिक की लगाई भौगोलिक पाबंदियों को तोड़ने के लिए VPN का सहारा लिया था।
AI का ऐसे हो रहा गलत इस्तेमाल
एंथ्रोपिक की एक अहम रिपोर्ट में बताया गया है कि AI का गलत इस्तेमाल कैसे हो रहा है, खासकर सेना से जुड़े और साइबर हमलों में। रिपोर्ट में पाया गया कि एक ग्रुप जिसका काम करने का तरीका रूस स्थित साइबर हमलावर 'मिडनाइट ब्लिजार्ड' जैसा था, उसने AI का इस्तेमाल यूक्रेन के अधिकारियों को निशाना बनाने के लिए किया।
उन्होंने AI से फिशिंग, वाई-फाई हाईजैकिंग और व्हाट्सऐप अकाउंट पर कब्जा करने जैसे काम किए। हाल ही में कीव में हुए ड्रोन हमलों में कम से कम 2 लोगों की जान चली गई और 12 लोग घायल हो गए, जो दिखाता है कि तकनीक किस तरह इस संघर्ष को बढ़ावा दे रही है।