रॉकेट लैब आज लॉन्च करेगी 99वां मिशन, सैटेलाइट दिन-रात करेगा धरती की निगरानी
रॉकेट लैब सोमवार (2 नवंबर) को अपने 99वें मिशन 'द सी गॉड सर्वेज' को लॉन्च करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बार कंपनी जापानी एयरोस्पेस स्टार्टअप iQPS के लिए एक रडार सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेज रही है।
यह सैटेलाइट रात में या बादलों के बावजूद भी धरती पर नजर रख सकता है। अगर, आप इस लॉन्च को लाइव देखना चाहते हैं तो स्पेस डॉट कॉम पर इसे देख सकते हैं, बशर्ते वहां लाइव स्ट्रीम उपलब्ध हो। इसका सीधा प्रसारण भारतीय समयानुसार रात 9.30 बजे लॉन्च से करीब 30 मिनट पहले शुरू हो जाएगा।
इलेक्ट्रॉन रॉकेट की इस साल 16वीं उड़ान
यह iQPS कंपनी का 10वां लॉन्च है। कंपनी लो अर्थ ऑर्बिट में 36 SAR सैटेलाइट्स का एक पूरा बेड़ा तैयार करने में जुटी है। छोटे पेलोड्स को अंतरिक्ष में भेजने के लिए रॉकेट लैब का भरोसेमंद साधन इलेक्ट्रॉन रॉकेट इस साल अपनी 16वीं उड़ान भर रहा है। इसके अलावा, कंपनी ने इस साल 9 और सबऑर्बिटल टेस्ट लॉन्च भी किए हैं।
ये लॉन्च दिखाते हैं कि अंतरिक्ष के इस क्षेत्र में कंपनी कितनी बहुमुखी और विश्वसनीय बन गई है।