वैज्ञानिकों ने खोजी अग्नाशय कैंसर के मरीजों की उम्र बढ़ाने वाली दवा
कैलिफोर्निया की एक कंपनी रेवोल्यूशन मेडिसिंस ने एक नई दवा बनाई है, जिसका नाम डैराक्सॉनरासिब है। इस दवा से अग्नाशय कैंसर के मरीजों में नई उम्मीद जगी है।
क्लिनिकल ट्रायल्स में इस दवा ने मरीजों के बचने के औसत समय को 6.7 महीने से बढ़ाकर 13.2 महीने कर दिया, जो लगभग दोगुना है।
शिकागो में हुए एक बड़े मेडिकल कॉन्फ्रेंस में इन नतीजों को देखकर वैज्ञानिक इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने खड़े होकर तालियां बजाईं। यह दवा KRAS को रोककर काम करती है, जो अग्नाशय कैंसर की बड़ी वजह है।
दूसरी दवाओं के साथ मिलकर देती है बेहतर इलाज
KRAS में होने वाले बदलाव सिर्फ अग्नाशय कैंसर में ही नहीं होते, बल्कि कोलोरेक्टल, फेफड़े और पेट के कैंसर में भी पाए जाते हैं।
हालांकि, डैराक्सॉनरासिब अपने आप में कैंसर का पूरा इलाज नहीं है, लेकिन यह दूसरी दवाओं के साथ मिलकर मरीजों की जिंदगी बढ़ा सकती है।
साथ ही, यह इम्यूनोथेरेपी के प्रति ट्यूमर की प्रतिक्रिया को भी बेहतर बना सकती है। दुनियाभर में होने वाले कुल कैंसर में से लगभग 20 फीसदी में RAS म्यूटेशन अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में यह कामयाबी हर साल लाखों मरीजों के इलाज के तरीकों में बड़ा बदलाव ला सकती है।