AI मॉडल कर रहे पासवर्ड जैसी जानकारी लीक, अध्ययन में खुलासा
हाल ही में हुए एक अध्ययन से पता चला है कि बड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स अपने अंदरूनी तर्क या काम करने के तरीके से जुड़ी संवेदनशील जानकारी गलती से लीक कर सकते हैं। कई बार तो इसमें पासवर्ड या API कीज जैसी बेहद निजी जानकारी भी शामिल होती है।
ट्यूबिंगन यूनिवर्सिटी, मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट, MATS रिसर्च और सिक्योरिटी फर्म सिंक के शोधकर्ताओं का कहना है कि ये छिपी हुई जानकारियां फिर से निकाली जा सकती हैं। इससे यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि जब हम AI का इस्तेमाल करते हैं तो हमारा डेटा कितना सुरक्षित है।
छोटे मॉडल भी नहीं रहे सुरक्षित
सामने आया है कि इन AI मॉडल्स के छोटे वर्जन भी इससे अछूते नहीं रहे हैं और उनमें से भी कुछ की अंदरूनी जानकारी तक पहुंच बनाई जा सकती थी।
भले ही इन कंपनियों ने कमियों को ठीक करना शुरू कर दिया हो, लेकिन विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि कुछ कमजोरियां अब भी बाकी रह सकती हैं।
जैसे-जैसे स्मार्ट AI बनाने की होड़ बढ़ती जा रही है, इस तरह की अंदरूनी जानकारियों को सुरक्षित रख पाना अब इस उद्योग के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।