प्लानोरा ने इंसानों की जगह रोबोट के इस्तेमाल को लेकर किया चौंकाने वाला खुलासा
एक नई प्लानोरा रिपोर्ट बताती है कि नर्सिंग असिस्टेंट, होम हेल्थ केयर और निर्माण जैसे कामों को मशीनों से कराना अभी भी इंसानों से काम करवाने के मुकाबले कहीं ज्यादा महंगा पड़ता है।
कुछ मामलों में तो यह लागत इंसान को दी जाने वाले भुगतान से करीब 9 गुना ज्यादा है। इस अध्ययन ने ऑटोमेशन के असली खर्चों की तुलना अमेरिका में दिए जाने वाले वेतन से की और पता चला कि इन शारीरिक कामों के लिए एडवांस्ड रोबोट बनाना अभी तक किफायती नहीं है।
नर्सिंग असिस्टेंट को रोबोट से बदलना 9 गुना महंगा
नर्सिंग असिस्टेंट इस सूची में सबसे ऊपर हैं। इन्हें मशीनों से बदलने पर सालाना 3.75 लाख डॉलर (करीब 3.5 करोड़ रुपये) का खर्च आता है, जो उनकी 42,200 डॉलर (करीब 40 लाख रुपये) की तनख्वाह से लगभग 9 गुना ज्यादा है।
होम हेल्थ केयर, पर्सनल केयर असिस्टेंट और कंस्ट्रक्शन लेबर जैसे कामों को भी मशीनों से करवाने में हर साल लाखों डॉलर खर्च करने पड़ते हैं।
टीचिंग असिस्टेंट के मामले में तो उन्हें रोबोट से बदलने पर उनकी तनख्वाह से 5 गुना ज्यादा खर्च आएगा। दूसरी ओर, कैशियर जैसे कामों को रोबोट से कराना इंसान को वेतन देने से सस्ता पड़ रहा है।
यह दिखाता है कि रोबोट का खतरा सभी तरह के कामों पर एक जैसा नहीं है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि केयर वर्क के लिए तो अभी ह्यूमनॉइड रोबोट बाजार में आए भी नहीं हैं। इसलिए, इन कामों में फिलहाल इंसानों का ही पलड़ा भारी है।