शुभमन गिल ने प्लेइंग इलेवन पर दिया अहम बयान, कहा- आजमाएंगे अलग-अलग संयोजन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में 6 विकेट से मिली जीत के बाद टीम के मध्य क्रम की प्रशंसा की है। इंग्लैंड से मिले 259 रनों के लक्ष्य को टीम ने गिल (80), वाशिंगटन सुंदर (52*) और अक्षर पटेल (57*) की पारियों से 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसके बाद गिल ने कहा कि वनडे विश्व कप 2027 को ध्यान में रखते हुए टीम विभिन्न संयोजन आजमाती रहेगी।
बयान
गिल ने क्या दिया बयान?
गिल ने कप्तान के तौर पर अपना आत्मविश्वास व्यक्त करते हुए कहा, "हम पर दबाव बनाया गया था, लेकिन हमने जिस तरह से वापसी की वह महत्वपूर्ण था। जब आप अपने मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाजों को रन बनाते और काम पूरा करते हुए देखते हैं, तो इससे कप्तान के रूप में आत्मविश्वास मिलता है।"
उन्होंने कहा कि भारत अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी के दौरान विभिन्न संयोजनों का परीक्षण करेगा।
भरोसा
गिल को टीम की बल्लेबाजी पर जताया भरोसा
गिल ने टीम की बल्लेबाजी इकाई को बड़े लक्ष्यों का पीछा करने के लिए आश्वस्त करते हुए कहा कि उनका अनुभव उन्हें आत्मविश्वास देता है।
उन्होंने कहा, "हमारे पास युवा गेंदबाजों का एक समूह है। हमारी बल्लेबाजी हमारी गेंदबाजी की तुलना में अधिक अनुभवी है। इसलिए, अगर हमें 300-320 रनों का लक्ष्य भी मिलता है, तो हमें पूरा भरोसा है कि हम उसे हासिल कर लेंगे।"
कप्तान ने मध्य ओवरों में टीम की गेंदबाजी की भी प्रशंसा की।