फोनपे ने वीजा के साथ पेश किए कार्डलेस भुगतान के 3 तरीके
फोनपे ने हाल ही में वीजा के साथ हाथ मिलाया है। इस साझेदारी के तहत उन्होंने कार्ड के बिना पेमेंट करने के 3 नए तरीके लॉन्च किए हैं। इससे अब ऑनलाइन, स्टोर में और विदेश में भी भुगतान करना पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित हो पाएगा।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 में इस साझेदारी का ऐलान करते हुए बताया गया कि फोनपे अब भारत का पहला ऐसा ऐप बन गया है, जो ये तीनों खास खूबियां एक साथ पेश कर रहा है।
टैप टू पे की शुरुआत की
एंड्रॉइड यूजर्स को 'टैप टू पे' सुविधा 9 सितंबर से धीरे-धीरे मिलने लगेगी। इसमें आपको अपना वीजा कार्ड टोकेनाइज करना होगा और फिर कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के लिए केवल टैप करना होगा। यहां तक कि कमजोर नेटवर्क में भी यह सुविधा काम करेगी।
अगर, आप विदेश घूम रहे हैं तो 'क्रॉस बॉर्डर स्कैन टू पे' सुविधा बड़े काम आएगी। इससे आप सिंगापुर और जापान समेत 14 देशों में वीजा सपोर्टेड QR कोड को स्कैन करके भुगतान कर सकेंगे। यह सुविधा जल्द ही यूजर्स तक पहुंचने की उम्मीद है।
छोटे व्यापारियों के लिए 'स्मार्ट एक्सेप्ट' नाम की एक सुविधा है। इसके जरिए वे सीधे अपने स्मार्टफोन पर ही ग्राहकों से कार्ड या वॉलेट से भुगतान ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें कोई अलग मशीन रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
फोनपे के संस्थापक और मुख्स उत्पाद एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी (CPTO) राहुल चारी ने कहा कि उनका मकसद सभी के लिए पेमेंट के अनुभव को सुरक्षित और आसान बनाना है।