PGIMER ने बनाया पित्ताशय के कैंसर का पता लगाने वाला AI ऐप
पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) की शोध टीम ने एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल तैयार किया है।
यह टूल अल्ट्रासाउंड इमेज से पित्ताशय के कैंसर को पहचान सकता है। खासकर, उन इलाकों में यह बहुत काम आएगा, जहां रेडियोलॉजिस्ट आसानी से नहीं मिल पाते।
इस प्रोजेक्ट की अगुआई डॉ. पंकज गुप्ता ने की है। यह ऐप कई इमेज को स्कैन करके संदिग्ध हिस्सों को चिह्नित करता है और चिकित्सकों के फैसले को आसान बनाने के लिए एक कॉन्फिडेंस स्कोर भी दिखाता है।
4 अस्पतालों में हुआ इस्तेमाल
इस टूल का परीक्षण 4 उत्तर भारतीय अस्पतालों में किया गया है। इसे उन राष्ट्रीय महत्व के अस्पतालों को मुफ्त में दिया जा रहा है, जिन्होंने इसकी मांग की है।
दुनियाभर के पित्ताशय के कैंसर के 10 फीसदी मामले भारत में ही सामने आते हैं।
खासकर, उत्तर भारत की महिलाओं को इस बीमारी का सबसे ज्यादा खतरा होता है। ऐसे में यह ऐप उन क्षेत्रों में बीमारी की जल्द पहचान सुनिश्चित करेगा, जहां इसकी सबसे ज्यादा आवश्यकता है।