बॉक्स ऑफिस: 'चांद मेरा दिल' की सुस्त शुरुआत, सस्ते टिकट का पैंतरा भी न आया काम
क्या है खबर?
अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की रोमांटिक फिल्म 'चांद मेरा दिल' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और इसके पहले दिन के कमाई के आंकड़े भी सामने आ गए हैं। निर्माताओं ने दर्शकों को खींचने के लिए सस्ते टिकट का पैंतरा भी आजमाया था, लेकिन उनका ये दांव पूरी तरह बेकार गया। फिल्म के लिए बॉक्स ऑफिस पर पहला दिन खास नहीं रहा और इसने बेहद ठंडी शुरुआत की है।
कमाई
'चांद मेरा दिल' की सुस्त शुरुआत पर 'एक दिन' को दी मात
फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। निर्माताओं ने पहले दिन के लिए टिकटों की कीमत भी किफायती रखी थी। शाम 5 बजे से पहले के शो के टिकट 149 रुपये में और शाम 5 बजे के बाद के शो के टिकट 199 रुपये में बिके। हालांकि, ये रणनीति भी काम ना आई। फिल्म पहले दिन महज 2.90 करोड़ रुपये जुटा सकी। हालांकि, इसने एक दिन की 1.15 करोड़ की कमाई को तो पहीछे छोड़ ही दिया।
ओपनिंग
लक्ष्य की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने फिल्म बनी 'चांद मेरा दिल'
भले ही 'चांद मेरा दिल' ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से थोड़ी धीमी शुरुआत की है, लेकिन फिल्म के मुख्य अभिनेता लक्ष्य लालवानी के लिए ये एक बड़ी व्यक्तिगत कामयाबी लेकर आई है। रिलीज के पहले दिन 2.90 करोड़ का कारोबर कर इस फिल्म ने लक्ष्य की साल 2024 में आई सुपरहिट एक्शन फिल्म 'किल' के रिकॉर्ड को धूल चटा दी है। 'किल' ने अपने ओपनिंग डे पर महज 1.35 करोड़ की कमाई की थी।
पति पत्नी और वो दो
हर दिन गिर रही 'पति पत्नी और वो दो' की कमाई
उधर 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई आयुष्मान खुराना, रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान और वामिका गब्बी की 'पति पत्नी और वो दो' कि रिलीज को पूरे 8 दिन हो चुके हैं। हर बढ़ते दिन के साथ इसकी कमाई घट रही है। फिल्म ने छठे दिन 2.75 करोड़ रुपये कमाए थे। 7वें दिन 2 करोड़ रुपये बटोरे और अब 8वें दिन की कमाई घटकर 1.35 करोड़ रह गई है। फिल्म भारत में 30.40 करोड़ रुपये कमा पाई है।
करुप्पु
'करुप्पु' के लिए दूसरे हफ्ते भी सिनेमाघरों में उमड़ी भारी भीड़
दूसरी ओर साउथ सुपरस्टार सूर्या की फिल्म 'करुप्पु' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। फिल्म ने रिलीज के 8वें दिन भारत में 7.80 करोड़ रुपये कमाए हैं। रिलीज के महज 8 दिनों के भीतर इस फिल्म ने दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है। दूसरे हफ्ते भी फिल्म की कमाई की रफ्तार थमी नहीं है और तमिल सिनेमाघरों के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।