पेयू के नए टूल्स ने डेवलपर्स के कई दिनों के काम को घंटों में समेटा
पेयू ने हाल ही में 2 नए टूल पेयू CLI और बिल्डर MCP लॉन्च किए हैं। कंपनी का कहना है कि ये टूल डेवलपर्स के लिए पेमेंट इंटीग्रेशन को बहुत आसान बना देंगे।
अब डेवलपर्स सीधे अपने कोडिंग सेटअप में ही भुगतान से जुड़े फीचर्स जोड़ पाएंगे, जिससे किसी भी प्रोजेक्ट का सेटअप और रोजमर्रा के काम कहीं ज्यादा तेज और आसान हो जाएंगे।
नए टूल्स का क्या मिलेगा फायदा?
पेयू CLI के साथ आप सीधे अपने कंप्यूटर टर्मिनल से भुगतान लिंक बना सकते हैं। यहीं से आप रिफंड की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं, सेटलमेंट की जानकारी देख सकते हैं और रिपोर्ट भी निकाल सकते हैं।
यह आपको कई अकाउंट्स या टेस्ट एनवायरनमेंट के बीच आसानी से स्विच करने का विकल्प भी देता है।
बिल्डर MCP की बात करें तो यह आपको जावास्क्रिप्ट के तैयार कोड बनाने की सुविधा देता है, जिसमें एरर हैंडलिंग भी पहले से मौजूद होती है।
इस टूल की मदद से, जो काम पहले पूरा करने में कई दिन लगते थे, अब वे चंद घंटों में ही हो जाएंगे। पेयू के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO) नरेंद्र बाबू ने बताया कि मर्चेंट्स और उनकी टेक टीम्स अब तेज रफ्तार इंटीग्रेशन और काम करने में लचीलेपन की उम्मीद कर रहे हैं।