Loading...
OpenAI ने शुरू की नई AI सेवा, भारत में ही प्रोसेस होगा कंपनियों का डाटा
OpenAI ने शुरू की नई AI सेवा

OpenAI ने शुरू की नई AI सेवा, भारत में ही प्रोसेस होगा कंपनियों का डाटा

Nov 12, 2026
02:31 pm

क्या है खबर?

OpenAI ने भारतीय कंपनियों और डेवलपर्स के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े काम देश के भीतर करने की सुविधा शुरू की है। कंपनी ने 12 नवंबर को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि अब पात्र ग्राहक कुछ चुनिंदा API सेवाओं के जरिए भारत में ही अपने डाटा को प्रोसेस कर सकेंगे। इस व्यवस्था से उन संस्थानों को मदद मिलेगी, जिन्हें सुरक्षा और नियमों के कारण ग्राहकों की जानकारी देश के बाहर भेजने में परेशानी होती है।

सुविधा

शुरुआत में GPT-6 लूना मॉडल पर मिलेगी सुविधा

नई व्यवस्था के तहत फिलहाल GPT-6 लूना मॉडल का इस्तेमाल करने वाले सीधे API ग्राहकों को यह सुविधा मिलेगी।

इसके लिए कंपनी ने रिस्पॉन्स और चैट कंप्लीशंस API का विकल्प दिया है। ग्राहक नया API प्रोजेक्ट बनाते समय भारत को डाटा स्टोर करने और प्रोसेस करने वाले क्षेत्र के रूप में चुन सकते हैं।

इसके बाद उनकी समर्थित रिक्वेस्ट और जवाब तैयार करने की प्रक्रिया देश के भीतर ही पूरी होगी।

मदद

वित्तीय संस्थानों और कारोबारों को मिलेगी मदद

OpenAI के भारत में एंटरप्राइज कारोबार प्रमुख नितिन बावनकुले ने बताया कि कई कंपनियां डाटा स्थानीय स्तर पर रखने की शर्त के कारण AI का इस्तेमाल सीमित रूप से कर रही थीं।

नई सुविधा से उन्हें इस मामले में ज्यादा नियंत्रण मिलेगा। खासकर बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं से जुड़े संस्थानों को इसका फायदा हो सकता है।

कंपनियां इसके जरिए दस्तावेजों का सार निकालने, जवाब तैयार करने और बड़ी मात्रा में जानकारी का विश्लेषण करने जैसे काम कर सकेंगी।

ADVERTISEMENT

अन्य

टाटा के साथ साझेदारी और दूसरी कंपनियों से मुकाबला

OpenAI भारत में अपना तकनीकी ढांचा बढ़ाने के लिए टाटा समूह के साथ भी साझेदारी कर चुका है।

इसके तहत देश में AI डाटा सेंटर क्षमता विकसित करने की योजना है। कंपनी का लक्ष्य भारतीय कारोबारों के बीच अपनी सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ाना है।

वहीं, उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी एंथ्रोपिक भी अपने क्लॉड AI मॉडल के लिए भारत में स्थानीय स्तर पर डाटा प्रोसेस करने की सुविधा दे रही है। इससे दोनों कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।

ADVERTISEMENT