OpenAI ने लॉन्च किए 6 नए कोडेक्स प्लगइन, ऑफिस के काम होंगे आसान
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने व्यवसायों के लिए 6 नए रिप्लिट प्लगइन पेश किए हैं। कंपनी का कहना है कि ये टूल बैंकिंग, सेल्स, डाटा विश्लेषण, प्रोडक्ट डिजाइन और निवेश जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले पेशेवरों की मदद करेंगे। इनकी सहायता से कई रोजमर्रा के काम तेजी से पूरे किए जा सकेंगे। OpenAI का मानना है कि AI अब केवल कोडिंग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऑफिस और कॉरपोरेट कामकाज का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रहा है।
संख्या
रिप्लिट के यूजर्स की संख्या तेजी से बढ़ी
OpenAI के अनुसार, कोडेक्स के साप्ताहिक सक्रिय यूजर्स की संख्या अब 50 लाख से अधिक हो गई है। यह आंकड़ा फरवरी में डेस्कटॉप एप्लिकेशन लॉन्च होने के बाद छह गुना से ज्यादा बढ़ा है। कंपनी का कहना है कि अभी भी सॉफ्टवेयर डेवलपर सबसे बड़ा यूजर समूह हैं, लेकिन नॉलेज वर्कर यानी विश्लेषक, शोधकर्ता और दूसरे पेशेवर अब कुल यूजर्स का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा बन चुके हैं और उनकी संख्या तेजी से बढ़ रही है।
प्रतिस्पर्धा
वित्तीय क्षेत्र में बढ़ रही AI की प्रतिस्पर्धा
OpenAI का कदम ऐसे समय में आया है जब AI कंपनियां एंटरप्राइज बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं। हाल ही में एंथ्रोपिक ने भी वित्तीय संस्थानों के लिए विशेष AI एजेंट पेश किए थे। ये एजेंट पिच बुक तैयार करने, क्रेडिट मेमो लिखने और अकाउंटिंग जैसे कार्यों में मदद कर सकते हैं। गोल्डमैन सैक्स जैसी बड़ी कंपनियां भी AI आधारित सिस्टम का उपयोग करके अपने आंतरिक कामकाज को तेज बनाने पर काम कर रही हैं।
कार्यक्षमता
नई सुविधाओं से बढ़ेगी कार्यक्षमता
OpenAI ने नए प्लगइन के साथ साइट्स और एनोटेशन जैसे फीचर भी लॉन्च किए हैं। साइट्स फीचर कोडेक्स के आउटपुट को सीधे इंटरैक्टिव वेबसाइट में बदल सकता है, जबकि एनोटेशन उपयोगकर्ताओं को किसी दस्तावेज के महत्वपूर्ण हिस्सों को चिन्हित करने की सुविधा देता है। कंपनी ने इसके लिए विक्स, रिप्लिट और फिगमा जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी की है। OpenAI का कहना है कि इन सुविधाओं से AI को व्यवसायों के मौजूदा सिस्टम और वर्कफ्लो में जोड़ना और आसान होगा।