OpenAI, गूगल समेत कई दिग्गज कंपनी अब खुद बना रहीं अपने लिए AI चिप्स
OpenAI, गूगल, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी कंपनियां अब अपने खुद के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स बना रही हैं। वे ऐसा इसलिए कर रही हैं, ताकि लागत कम हो और उनके सिस्टम पर उनका ज्यादा नियंत्रण रहे।
खासकर उस वक्त जब AI किसी सवाल का जवाब देता है या कोई काम करता है। हालाँकि, इन AI मॉडल्स को सिखाने के लिए एनवीडिया के GPU आज भी सबसे अच्छे माने जाते हैं, फिर भी खुद के चिप्स होने से ये कंपनियां किसी खास काम के लिए अपने सिस्टम के प्रदर्शन को अपनी जरूरत के हिसाब से ढाल सकती हैं।
एनवीडिया की चिप्स अभी भी अहम
ChatGPT निर्माता ने हाल ही में अपने 'जलपेनो' चिप को पेश किया है, जिसे ब्रॉडकॉम और ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (TSMC) ने मिलकर बनाया है। यह चिप सिर्फ उनके अंदरूनी इस्तेमाल के लिए है।
गूगल अपने TPUs का उपयोग करता हैं और अमेजन के पास ट्रेनियम और इंफेरेंटिया जैसे चिप्स हैं, वहीं माइक्रोसॉफ्ट अपने एज्योर क्लाउड में माईया एक्सेलेरेटर्स चलाता है, जबकि मेटा के MTIA चिप्स रिकमेंडेशन और जनरेटिव AI को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। एलन मस्क की xAI भी अपने ग्रोक मॉडल्स के लिए नए डाटा सेंटर्स तैयार कर रही है।
हालांकि, ये कस्टम चिप्स अब काफी लोकप्रिय हो रहे हैं, फिर भी एनवीडिया अपने पावरफुल सॉफ्टवेयर टूल्स की वजह से आज भी बहुत अहम है। इसलिए, इन नए चिप्स को इसके दुश्मन के बजाय उसके साथी के तौर पर देखना ज्यादा सही होगा।