OpenAI की ऐप प्रमुख फिजी सिमो ने गंभीर बीमारी के कारण छोड़ा पद
OpenAI के एप्लिकेशन डिविजन की प्रमुख फिजी सिमो ने अपनी सेहत पर ध्यान देने के लिए पद छोड़ दिया है। दरअसल, वह पिछले 7 सालों से पोस्चरल ऑर्थोस्टैटिक टैकीकार्डिया सिंड्रोम (POTS) नामक एक गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं।
इस बीमारी के कारण उन्हें अक्सर बहुत थकान और चक्कर आते हैं। हालांकि, वह कंपनी को पूरी तरह नहीं छोड़ेंगी, वह सलाहकार के तौर पर पार्ट-टाइम काम करती रहेंगी।
फेसबुक की सलाह नहीं मानने का अफसोस
फिजी सिमो की सेहत से जुड़ी परेशानियां तब शुरू हुई थीं, जब वे फेसबुक में काम कर रही थीं। उन्होंने फेसबुक में करीब एक दशक तक काम किया।
चिकित्सकों ने उन्हें काम धीमा करने की सलाह दी थी और फेसबुक ने उन्हें एक साल की मेडिकल लीव भी ऑफर की थी, लेकिन इसके बावजूद वह काम करती रहीं।
आज जब वे पीछे मुड़कर देखती हैं तो उन्हें मार्क जुकरबर्ग की वह सलाह याद आती है, जिसमें उन्होंने 'लॉन्ग गेम खेलने' के लिए कहा था। सिमो को अफसोस है कि उन्होंने उस सलाह पर ध्यान नहीं दिया।
OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने उनके इस फैसले को 'बहुत दुखद' बताया है। उन्होंने फिजी सिमो के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।