OpenAI ने ChatGPT में पेश किया ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट फीचर, जानिए क्या करेगा काम
OpenAI ने ChatGPT में एक नया 'ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट' फीचर लॉन्च किया है, जो आत्महत्या के विचारों से जूझ रहे यूजर्स की मदद करेगा।
अगर, आप इस फीचर को ऐप में सेट करते हैं तो चैटबॉट चेतावनी वाले संकेतों को पहचानकर गंभीर स्थिति में आपके किसी भरोसेमंद व्यक्ति को सूचना दे सकता है। यह वॉइस चैट के लिए उपलब्ध नहीं है।
हर सप्ताह 10 लाख से ज्यादा लोग ChatGPT पर आत्महत्या और खुद को नुकसान पहुंचाने की बातें करते हैं। ऐसे में इस अपडेट का मकसद मदद मांगने की प्रक्रिया को और आसान बनाना है।
मानवीय संबंध देते हैं सुरक्षा
विशेषज्ञों का कहना है कि 'ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट' सेट करना आसान है, लेकिन जो व्यक्ति पहले से ही निराश महसूस कर रहा है, उसके लिए यह मुश्किल हो सकता है।
मनोवैज्ञानिक जेनिफर लॉकमैन कहती हैं, "शोध हमें बताते हैं कि मानवीय जुड़ाव और अपनापन उन लोगों के लिए एक बड़ा सुरक्षा कवच है, जो आत्महत्या के बारे में सोचते हैं। इसलिए, किसी भी तरह से अगर, हम वास्तविक लोगों से जुड़ने को बढ़ावा दे सकते हैं तो सिद्धांत रूप में यह एक अच्छी सुरक्षात्मक भूमिका निभाता है।"
OpenAI इस फीचर को और बेहतर बनाने के लिए मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम कर रहा है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि जरूरत पड़ने पर यह लोगों को वाकई अपनों से जोड़ने में सहायक हो।