ब्रिटेन में 12 अगस्त को आसमान में दिखेंगे 2 अद्भुत नजारे
यूनाइटेड किंगडम (UK) में 12 अगस्त को आसमान में एक साथ 2 शानदार नजारे देखने को मिलेंगे। इस दिन एक गहरा आंशिक सूर्य ग्रहण लगेगा और साथ ही साल का मशहूर पर्सिड उल्कापात भी दिखेगा।
सूर्य ग्रहण ब्रिटिश समयानुसार शाम 6 बजे के ठीक बाद शुरू होगा और शाम 7:13 बजे अपने चरम पर होगा। इस दौरान सूरज का लगभग 90 फीसदी हिस्सा ढक जाएगा। UK के लोगों को इतने साफ तौर पर ऐसा नजारा 1999 के बाद पहली बार देखने को मिलेगा।
एक्लिप्स ग्लासेज या टेलीस्कोप फिल्टर का लेना होगा सहारा
इस अद्भुत नजारे को अच्छे से देखने के लिए ऐसी जगह चुननी होगी, जहां पश्चिमी क्षितिज साफ दिखाई देता हो क्योंकि सूर्य उस समय काफी नीचे होगा।
इसे देखने के लिए प्रमाणित एक्लिप्स ग्लासेज या टेलीस्कोप फिल्टर का इस्तेमाल करना होगा, अन्यथा आंखों को नुकसान हो सकता है। अंधेरा छाने के बाद उल्कापात दिखाई देगा। इस बार चांद की रोशनी नहीं होगी, ऐसे में पर्सिड्स को देखने के लिए एकदम सही माहौल मिलेगा। आसमान में तेजी से टूटते तारे साफ देख पाएंगे।