एनवीडिया की वेरा चिप स्पेस-X और OpenAI के साथ होगी लॉन्च
एनवीडिया ने घोषणा की है कि उसका नया 'वेरा' CPU सबसे पहले OpenAI, एंथ्रोपिक और स्पेस-X जैसी बड़ी कंपनियों के साथ लॉन्च होगा। इस बात की जानकारी कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग ने ताइवान में आयोजित कंप्यूटैक्स इवेंट के दौरान दी।
वेरा कंपनी का पहला स्टैंडअलोन डाटा सेंटर चिप है, जिसका बड़े पैमाने पर उत्पादन इस साल के आखिर तक शुरू होने वाला है।
वेरा AI कामों में 1.8 गुना तेज
वेरा को खासतौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कामों में इंटेल के जीऑन और AMD के एपिक प्रोसेसर्स को टक्कर देने के लिए तैयार किया गया है।
एनवीडिया का दावा है कि यह इंटेल के चिप्स के मुकाबले AI वर्कलोड्स को लगभग 1.8 गुना ज्यादा तेजी से प्रोसेस करता है। इसके अलावा, इसका DSX सॉफ्टवेयर डाटा सेंटर्स को एक ही बिजली के खर्च में 40 फीसदी तक ज्यादा एनवीडिया एक्सेलेरेटर चिप्स का इस्तेमाल करने की सुविधा दे सकता है।
विंडोज के लिए DGX स्टेशन लॉन्च
एनवीडिया ने डेल के साथ मिलकर विंडोज के लिए DGX स्टेशन लॉन्च किया है। इससे डेवलपर्स के लिए माइक्रोसॉफ्ट प्लेटफॉर्म्स पर AI सॉफ्टवेयर बनाना और ज्यादा आसान हो जाएगा। इन वर्कस्टेशनों के इस साल के आखिर तक बाजार में उपलब्ध होने की उम्मीद है।