एनवीडिया ने लॉन्च किया RTX स्पार्क, विंडोज लैपटॉप को मिली AI पावर
एनवीडिया ने हाल ही में RTX स्पार्क चिप पेश की है। कंपनी का मकसद इस चिप से विंडोज लैपटॉप को और भी स्मार्ट बनाना है। अब आप अपने डिवाइस पर सीधे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट चला पाएंगे। इससे अपने कामों को ऑटोमेट करना या फिर लैपटॉप से ठीक वैसे ही चैट कर सकेंगे जैसे किसी दोस्त से करते हैं।
सेमीकंडक्टर निर्माता के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग का मानना है कि यह सब एक बड़े बदलाव की शुरुआत है। उनके शब्दों में यह नया PC है। यह पर्सनल AI कंप्यूटर है, जहां ऐप्स की बजाय AI अब मुख्य भूमिका निभाएगा।
RTX स्पार्क में क्या है खासियत?
इसकी खूबियों की बात करें तो इसमें 20-कोर ग्रेस CPU लगा है। साथ ही, इसमें 6,144 CUDA कोर वाला एक ब्लैकवेल RTX GPU भी मिलता है।
यह चिप 128GB तक की मेमोरी को सपोर्ट करती है और 1 पेटाफ्लॉप तक की AI प्रोसेसिंग पावर देती है। इसका सीधा मतलब है कि RTX स्पार्क बड़े-बड़े 3D सींस को आसानी से रेंडर कर सकता है, अल्ट्रा-हाई-रेजोल्यूशन वाले वीडियो एडिट कर सकता है और 1440p पर 100 से ज्यादा फ्रेम प्रति सेकेंड की रफ्तार से AAA गेमिंग भी करा सकता है।