एनवीडिया ने शैक्षणिक AI रोबोट्स बनाने के लिए की साझेदारी, चीनी कंपनियों पर अमेरिका की नजर
एनवीडिया ने चीनी रोबोट बनाने वाली कंपनी यूनिट्री और कुछ अन्य कंपनियों के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इनका मकसद शैक्षणिक रिसर्च के लिए एक जैसे रोबोट तैयार करना है।
इस प्रोजेक्ट को ताइवान में कंप्यूटैक्स से पहले दिखाया गया था। इसमें यूनिट्री के H2 रोबोट का शरीर, सिंगापुर की शारपा के हाथ और एनवीडिया की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इससे रिसर्च करने वालों को एक तैयार प्लेटफॉर्म मिलेगा, जिससे वे रोबोटिक्स और AI पर अपने प्रयोग आसानी से कर सकेंगे।
यूनिवर्सिटीज में एनवीडिया प्रमाणित रोबोट्स का होगा इस्तेमाल
इन नए रोबोट्स का इस्तेमाल स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सैन डिएगो जैसी बड़ी यूनिवर्सिटीज में किया जाएगा। इसमें साइबर सुरक्षा का भी खास इंतजाम किया गया है।
हर सॉफ्टवेयर अपडेट को एनवीडिया के चिप्स से गुजरना होगा, ताकि उसकी जांच हो सके। कंपनी अमेरिका, यूरोप और दक्षिण कोरिया में भी ऐसी ही साझेदारी करने की योजना बना रही है, लेकिन अमेरिका में मामला थोड़ा पेचीदा है। वहां के कानून बनाने वाले चाहते हैं कि सरकारी फंड से होने वाली रिसर्च में यूनिट्री के रोबोटों पर पाबंदी लगा दी जाए, क्योंकि उन्हें चीन के साथ कंपनी के रिश्तों की चिंता है।