अब बिना इंटरनेट और पिन के UPI से कर सकेंगे भुगतान
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के जरिए भुगतान का एक नया तरीका विकसित कर रहा है, जो इंटरनेट न होने पर भी काम करेगा।
नियर फील्ड कम्युनिकेशन (NFC) तकनीक का इस्तेमाल करते हुए आप अपने UPI लाइट वॉलेट में पैसे लोड कर पाएंगे और अपने फोन को POS टर्मिनल पर टैप करके भुगतान कर सकेंगे।
खास बात यह है कि इस सुविधा के लिए न तो इंटरनेट की जरूरत होगी और न ही पिन डालना पड़ेगा। एक बार में आप 2,000 रुपये तक का भुगतान कर पाएंगे।
ऐसे क्षेत्रों में मिलेगा फायदा
यह नई सुविधा उन जगहों के लिए बेहद काम की होगी, जहां इंटरनेट की समस्या रहती है, जैसे विमान में या मेट्रो के सफर के दौरान।
उम्मीद है कि इसी साल से NPCI POS डिवाइसेज को प्रमाणित करना शुरू कर देगा, जिससे व्यापारी इन ऑफलाइन भुगतानों को आसानी से स्वीकार कर पाएंगे।
यह सुविधा पहले से मौजूद UPI लाइट एक्स फीचर पर ही आधारित है, लेकिन इसका खास मकसद प्रमाणित टर्मिनल्स के जरिए छोटे और रोजमर्रा के लेन-देन को सरल और परेशानी मुक्त बनाना है।