नासा के जेम्स वेब ने सिगार आकाशगंगा के अनदेखे तारे किए उजागर
नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने सिगार आकाशगंगा (मेसियर 82) की कुछ बेहद खूबसूरत तस्वीरें जारी की हैं।
यह आकाशगंगा धरती से करीब 1.2 करोड़ प्रकाश वर्ष दूर है।
अभी इस आकाशगंगा में बहुत तेजी से नए तारों का जन्म हो रहा है, जिसकी वजह इसके पड़ोसी मेसियर 81 से हुआ पुराना टकराव बताया जा रहा है।
इंफ्रारेड ने तारे बनने की प्रक्रिया को दिखाया
अपने शक्तिशाली इंफ्रारेड कैमरे से जेम्स वेब ने धूल और गैस के घने बादलों के पार उन क्षेत्रों को देखा, जहां तारे बन रहे थे। ये ऐसे इलाके थे, जो पहले नजर नहीं आते थे। यहां तक कि हबल टेलीस्कोप भी इन्हें नहीं देख पाया था।
टेलीस्कोप ने एक और चौंकाने वाली घटना भी कैद की है। इसमें तीव्र विकिरण और टूटते तारों की वजह से अंतरिक्ष में बाहर फेंका जा रहा पदार्थ नजर आया।
यह दिखाता है कि मेसियर 82 आने वाले समय में तारे बनाने के लिए अपने ईंधन को बहुत तेजी से इस्तेमाल कर रहा है। खगोलशास्त्रियों को उम्मीद है कि इन नई खोजों से उन्हें यह समझने में मदद मिलेगी कि ऐसी आकाशगंगा अपने सबसे सक्रिय दौर में कैसे विकसित होती हैं।