नासा के टेलीस्कोपों ने खोजी नेपच्यून के पार छिपी 27 नई छोटी दुनियाएं
नासा के हबल और जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने वरुण (नेपच्यून) ग्रह से काफी दूर 27 छोटी दुनियाएं खोजी हैं। इनमें से सबसे छोटी दुनिया करीब 3 मील (करीब 4.8 किलोमीटर) चौड़ी है।
यूनिवर्सिटी ऑफ विक्टोरिया और नॉर्दर्न एरिजोना यूनिवर्सिटी के PhD छात्रों ने इस खोज का नेतृत्व किया है। यह खोज हमें अपने सौरमंडल के रहस्यमय बाहरी किनारों को करीब से देखने का एक नया मौका देती है।
मिलती-जुलती सतहें मिलीं
2023 की शुरुआत में वेब टेलीस्कोप ने अपने नियर-इंफ्रारेड कैमरा (NIRCam) उपकरण और मशीन लर्निंग का इस्तेमाल कर आसमान के एक हिस्से को स्कैन किया था। ऐसा इन धुंधली और घूमती हुई वस्तुओं को खोजने के लिए किया गया था। फिर हबल टेलीस्कोप ने वेब द्वारा देखी गई चीजों की पुष्टि की और तो और उसने अपने ऑप्टिकल डाटा से उनमें से 13 को दोबारा ढूंढ निकाला। इस अध्ययन में यह बात भी सामने आई है कि वहां मौजूद छोटे और बड़े पिंड (ऑब्जेक्ट) एक जैसे दिखते हैं। यह बताता है कि उनकी सतहें अपनी शुरुआती, आदिम अवस्था में ही सुरक्षित हैं। साथ ही उनके आकारों का फैलाव (डिस्ट्रीब्यूशन) इस ओर इशारा करता है कि वे उस डिस्क में अलग-अलग परिस्थितियों में बने होंगे।