नासा के हबल टेलीस्कोप ने कैद किया 2 आकाशगंगाओं का विलय
नासा ने हाल ही में हबल स्पेस टेलीस्कोप की एक बेहद शानदार तस्वीर जारी की है। इसमें CL0016+1609 नामक 2 विशाल आकाशगंगा समूह आपस में मिलते हुए दिख रहे हैं। यह क्षेत्र ब्रह्मांड के सबसे चमकदार एक्स-रे स्रोतों में से एक है। वैज्ञानिक लंबे समय से इस पर नजर रखे हुए हैं, ताकि वे समझ सकें कि डार्क मैटर हमारे ब्रह्मांड को किस तरह आकार देता है।
सर्वे में मिलीं 300 आकाशगंगाएं
हबल सीधे तौर पर डार्क मैटर को नहीं देख सकता, लेकिन इसके कैमरे उस असर को बखूबी कैद कर लेते हैं, जो डार्क मैटर रोशनी पर डालता है और दूर की आकाशगंगाओं को मोड़ देता है।
इस प्रक्रिया को ग्रेविटेशनल लेन्सिंग कहते हैं। यह आकाशगंगा समूह रेलिक्स (RELICS) सर्वे का भी हिस्सा था। इस सर्वे के दौरान वैज्ञानिकों ने लगभग 300 दूर की ऐसी आकाशगंगाओं का पता लगाया, जो इन ब्रह्मांडीय टकरावों के कारण टेढ़ी-मेढ़ी दिखाई दे रही थीं।
यह सारी जानकारी वैज्ञानिकों को ब्रह्मांड की बनावट को गहराई से समझने में मदद करती है, भले ही हम डार्क मैटर को सीधे तौर पर न देख पाएं।