LOADING...
नासा ने आर्टेमिस II मिशन को मार्च तक खिसकाया, जानिए क्या रही वजह
नासा ने आर्टेमिस II मिशन अब मार्च में लॉन्च किया जा सकता है

नासा ने आर्टेमिस II मिशन को मार्च तक खिसकाया, जानिए क्या रही वजह

Feb 03, 2026
04:50 pm

क्या है खबर?

नासा ने अपने ऐतिहासिक आर्टेमिस II चंद्र मिशन की लॉन्चिंग को आगे खिसका दिया है। अब वह मार्च में लॉन्च करने का लक्ष्य बना रहा है। यह निर्णय अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी की ओर से मंगलवार तड़के किए गए एक पूर्वाभ्यास में समस्या आने के बाद लिया गया, जो रॉकेट सिस्टम का महत्वपूर्ण परीक्षण था। यही रॉकेट अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा के चारों ओर एक अभूतपूर्व पथ पर ले जाएगा। पहले मिशन के फरवरी में लॉन्च होने की उम्मीद थी।

खामियां 

पूर्वाभ्यास के दौरान सामने आई खामी

नासा ने बताया कि ठंडे मौसम के कारण पूर्वाभ्यास में देरी हुई, जिसके चलते उसे कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। इनमें आर्टेमिस II के स्पेस लॉन्च सिस्टम रॉकेट में प्रणोदक भरते समय हाइड्रोजन रिसाव जैसी समस्याएं शामिल थीं। एजेंसी ने ब्लॉग पोस्ट में कहा कि इस देरी से टीमों को डाटा की समीक्षा करने और दूसरा लॉन्च पूर्वाभ्यास करने का समय मिलेगा। इसे वेट ड्रेस रिहर्सल कहते हैं, जो उड़ान से पहले समस्याओं का पता लगाने का तरीका है।

तारीख 

अब क्या होगी लॉन्च की तारीख?

अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा है कि 6 से 9 मार्च तक और 11 मार्च को प्रक्षेपण के अवसर उपलब्ध हैं और आवश्यकता पड़ने पर अप्रैल में अतिरिक्त तिथियां भी उपलब्ध होंगी। यह मिशन अपोलो कार्यक्रम के समाप्त होने के 5 दशक से अधिक समय बाद पहली बार 4 अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजेगा। इस मिशन के तहत यात्रा पृथ्वी से मानव द्वारा तय की गई अब तक की सबसे लंबी दूरी का नया रिकॉर्ड बना सकती है।

Advertisement