Page Loader
नासा के सबसे बुजुर्ग अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट 20 अप्रैल को लौटेंगे धरती पर
डॉन पेटिट 220 दिन बाद इस महीने लौटेंगे धरती पर (तस्वीर: नासा)

नासा के सबसे बुजुर्ग अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट 20 अप्रैल को लौटेंगे धरती पर

Apr 17, 2025
10:21 am

क्या है खबर?

नासा के 70 वर्षीय अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट इस महीने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) से धरती पर लौटने वाले हैं। वह अपने 2 रूसी साथियों एलेक्सी ओविचिनिन और इवान वैगनर के साथ मिशन पूरा करके घर लौटेंगे। इन तीनों की वापसी रूस के सोयूज अंतरिक्ष यान से होगी। भारतीय समयानुसार यह यात्रा 20 अप्रैल, 2025 की सुबह 3:27 बजे शुरू होगी और उसी दिन सुबह 06:50 बजे कजाकिस्तान के मैदान में यान की लैंडिंग होगी।

मिशन

220 दिनों का लंबा और सफल मिशन 

पेटिट और उनके साथियों ने अंतरिक्ष में कुल 220 दिन बिताए। इस दौरान उन्होंने पृथ्वी की 3,520 बार परिक्रमा की और लगभग 15 करोड़ किलोमीटर का सफर किया। वह सितंबर, 2024 में सोयूज MS-26 यान से रवाना हुए थे। इस मिशन के दौरान उन्होंने अंतरिक्ष स्टेशन से कई वैज्ञानिक प्रयोग किए और धरती पर मौजूद लोगों के लिए शानदार वीडियो और फोटो भेजे। ये मिशन उनका सबसे लंबा और खास मिशन माना जा रहा है।

करियर

4 बार अंतरिक्ष जा चुके हैं पेटिट 

पेटिट का अंतरिक्ष करियर काफी लंबा और शानदार रहा है। उन्हें 1996 में नासा का अंतरिक्ष यात्री चुना गया था। उन्होंने 2002, 2008, 2011 और 2024 में 4 बार अंतरिक्ष यात्रा की है। उन्होंने अंतरिक्ष में कई अहम प्रयोग किए और स्पेस-X के पहले ड्रैगन यान को ISS पर ले जाने में भी मदद की थी। वह इंजीनियरिंग में डॉक्टरेट हैं और नासा के सबसे अनुभवी अंतरिक्ष यात्रियों में गिने जाते हैं।

लोकप्रियता

सोशल मीडिया पर भी हैं लोगों के पसंदीदा 

पेटिट नासा के सबसे लोकप्रिय अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अंतरिक्ष से शानदार वीडियो और तस्वीरें शेयर करते हैं। उन्होंने आकाश में उड़ते स्टारलिंक सैटेलाइट, उत्तरी लाइट्स और बिजली की चमक जैसे नजारे दिखाए हैं। उनका एक्स अकाउंट @astro_Pettit लोगों के बीच काफी पसंद किया जाता है। उनकी पोस्ट्स में विज्ञान को आसान भाषा में समझाने का तरीका सभी को खूब भाता है।