नासा दे रहा ड्रैगनफ्लाई से टाइटन पर अपना नाम भेजने का मौका
नासा ने लोगों को शनि के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन पर अपना नाम भेजने का एक शानदार मौका दिया है। आपको बस 15 जनवरी, 2027 तक उसकी वेबसाइट पर अपना नाम सबमिट करना होगा।
इसके बाद आपका नाम ड्रैगनफ्लाई मिशन के साथ जाने वाले एक माइक्रोचिप में दर्ज हो जाएगा। इतना ही नहीं इस अंतरिक्ष सफर का हिस्सा बनने की याद में आपको एक डिजिटल बोर्डिंग पास भी दिया जाएगा।
ड्रैगनफ्लाई 2028 में उड़ान भरेगा
ड्रैगनफ्लाई असल में एक उड़ने वाली साइंस लैब है, जिसे आप एक बड़े ड्रोन जैसा समझ सकते हैं। यह टाइटन के घने वायुमंडल और मीथेन की तरल नदियों और झीलों की पड़ताल करेगा।
जॉन्स हॉपकिन्स एप्लाइड फिजिक्स लेबोरेटरी इस मिशन की अगुवाई कर रही है, जिसकी मुख्य जांचकर्ता एलिजाबेथ टर्टल हैं। इस मिशन का मुख्य मकसद यह जानना है कि ब्रह्मांड में कहीं और जीवन की शुरुआत कैसे हुई होगी।
ड्रैगनफ्लाई को 2028 में लॉन्च करने की तैयारी है। उम्मीद है कि यह 2034 में टाइटन पर उतरेगा और कई जगहों का दौरा करेगा। इसका मकसद ऐसे संकेत खोजना है, जिनसे हमें पृथ्वी के बाहर जीवन के बारे में और जानकारी मिल सके।