Page Loader
स्टारलाइनर के वापसी की तैयारी हुई लगभग पूरी, जल्द आएगा पृथ्वी पर वापस 
नासा ने लगभग पूरी की स्टारलाइनर के वापसी की तैयारी (तस्वीर: नासा)

स्टारलाइनर के वापसी की तैयारी हुई लगभग पूरी, जल्द आएगा पृथ्वी पर वापस 

Sep 05, 2024
12:56 pm

क्या है खबर?

नासा इसी हफ्ते बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान को पृथ्वी पर भेजने वाली है। अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) में मौजूद नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर अंतरिक्ष यान को पृथ्वी पर वापस भेजने के लिए तैयार कर रहे हैं। बीते दिन (4 सितंबर) दोनों यात्रियों ने बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान के अंदर सामान लोड किया। स्टारलाइनर भारतीय समयानुसार 7 सितंबर को ISS से अलग किया जाएगा और पृथ्वी पर वापस आएगा।

तैयारी

स्टारलाइनर की वापसी के लिए क्या कर चुके हैं अंतरिक्ष यात्री?

स्टारलाइनर की वापसी के लिए दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष यान की क्रू सीटों को हटा दिया है, जिन्हें बाद में अतिरिक्त कार्गो को स्टोर करते समय बेहतर पहुंच के लिए फिर से लगा दिया जाएगा। इस अंतरिक्ष यान को पृथ्वी पर अंतरिक्ष यात्रियों के बगैर ही वापस भेजा जाएगा। विल्मोर और विलियम्स फरवरी, 2025 तक ISS पर रहेंगे। वे क्रू-9 मिशन के साथ स्पेस-X ड्रैगन अंतरिक्ष यान पर सवार होकर पृथ्वी पर आएंगे।

वापसी

कब वापस आएगा अंतरिक्ष यान?

योजना के अनुसार, 7 सितंबर को इस अंतरिक्ष यान को ISS से भारतीय समयानुसार सुबह करीब 03:34 बजे अनडॉक किया जाएगा और इसके 6 घंटे बाद यह पृथ्वी पर लैंड करेगा। बता दें, तकनीकी समस्या आने के वजह से अंतरिक्ष यान 2 महीने से अधिक समय से अंतरिक्ष में फंसा हुआ है। नासा अनडॉक और लैंडिंग को लाइव स्ट्रीम करेगी। आप नासा की आधिकारिक वेबसाइट, नासा+ और नासा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव देख सकेंगे।