Page Loader
नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष में फंसे होने की बात को किया अस्वीकार
विलियम्स ने अंतरिक्ष में फंसने की बात को किया अस्वीकार (तस्वीर: नासा)

नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष में फंसे होने की बात को किया अस्वीकार

Feb 18, 2025
07:25 pm

क्या है खबर?

नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने मीडिया की अटकलों को खारिज किया, जिसमें यह कहा गया था कि वे अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं। CNN को दिए साक्षात्कार में विल्मोर ने कहा, "हम अकेलापन या फंसा हुआ महसूस नहीं करते, हम पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध हैं।" उनका मानना है कि मीडिया को उनकी स्थिति को सही ढंग से प्रस्तुत करना चाहिए और वे अंतरिक्ष में अपनी भूमिका को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं।

 यात्रा 

नौसेना से अंतरिक्ष यात्रा तक 

विलियम्स और विल्मोर दोनों अमेरिकी नौसेना में परीक्षण पायलट रहे हैं और इसके बाद नासा के अंतरिक्ष यात्री बने। अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) की वर्तमान कमांडर विलियम्स पहले भी कई अंतरिक्ष मिशनों में भाग ले चुकी हैं और उन्हें अंतरिक्ष में बहुत अनुभव है। विल्मोर ने भी कई अंतरिक्ष अभियानों में हिस्सा लिया है। ISS पर रहते हुए इन दोनों ही अंतरिक्ष यात्रियों ने कई वैज्ञानिक प्रयोगों को सफलतापूर्वक पूरा किया है।

दृष्टिकोण

मीडिया और नासा का दृष्टिकोण

नासा ने बोइंग स्टारलाइनर के थ्रस्टर सिस्टम में खराबी पाई, जिसके कारण करीब हफ्ते भर के लिए इस पर गए अंतरिक्ष यात्रियों को 10 महीने से अधिक समय से इस पर रहना पड़ रहा है। मीडिया में इस स्थिति को अंतरिक्ष यात्रियों को 'अटके हुए' के रूप में दिखाया गया। नासा और अंतरिक्ष यात्रियों ने इस स्थिति को गलत बताया है और स्पष्ट किया कि वे किसी भी संकट का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

वापसी

वापसी की क्या है योजना?

विलियम्स और विल्मोर की वापसी क्रू-10 मिशन के लॉन्च के बाद मार्च में हो सकती है। वे स्पेस-एक्स के 'फ्रीडम' ड्रैगन कैप्सूल से पृथ्वी पर लौटेंगे। उनके साथ नासा के निक हेग और रूस के अलेक्जेंडर गोरबुनोव भी होंगे। उनका आगमन फ्लोरिडा के तट पर होगा, लेकिन मौसम की स्थिति के कारण जगह बदल भी सकता है। यह मिशन पूरी तरह से सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ तैयार किया गया है, ताकि सभी सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट सकें।