नासा के अंतरिक्ष यात्री ने बनाया 8 सेकेंड में सूर्यास्त का अनोखा वीडियो
नासा की अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट ने हाल ही में कक्षा से दिखाई देने वाले सूर्यास्त का एक टाइम-लैप्स वीडियो साझा किया है। इसे देखकर हर कोई हैरान है कि अंतरिक्ष में रात कितनी तेजी से छा जाती है।
अंतरिक्ष यान की तेज रफ्तार की वजह से दिन से रात सिर्फ 8 सेकेंड में बदल जाती है। पेटिट ने यह भी बताया कि अंतरिक्ष यात्रियों को हर दिन 16 बार सूर्यास्त देखने को मिलते हैं और यह जानकारी लोगों को काफी हैरान कर रही है।
टाइम-लैप्स बनाने में आती है परेशानी
पेटिट ने बताया, "इस तरह के बदलाव के दौरान टाइम-लैप्स बनाना चुनौती भरा हो सकता है क्योंकि रोशनी में तेजी से होने वाले बदलाव कैमरे की डायनेमिक रेंज के लिए मुश्किल खड़ी कर देते हैं।"
आसान भाषा में कहें तो इतनी तेज रोशनी और गहरे अंधेरे के बीच के इस बदलाव को संभालना कैमरे के लिए आसान नहीं होता। उनकी यह पोस्ट हमें दिखाती है कि पृथ्वी के ऊपर इन अनमोल पलों को कैमरे में कैद करने की कोशिश करना कितना खास होता है।