आर्टेमिस II मिशन: पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकल चांद की तरफ बढ़ा अंतरिक्ष यान
क्या है खबर?
अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने बीते दिन अपने आर्टेमिस II अंतरिक्ष मिशन को लॉन्च किया है। इस मिशन के तहत 50 साल से अधिक समय बाद इंसान चंद्रमा के करीब जा रहे हैं। नासा ने आज बताया कि ओरियन अंतरिक्ष यान अब पृथ्वी की कक्षा से बाहर निकल चुका है और चंद्रमा की ओर आगे बढ़ रहा है। यह मिशन दुनिया के लिए एक ऐतिहासिक पल माना जा रहा है और लगातार इसकी निगरानी की जा रही है।
इंजन बर्न
महत्वपूर्ण इंजन बर्न के बाद बढ़ी रफ्तार
नासा के अनुसार, ओरियन अंतरिक्ष यान ने ट्रांसलूनर इंजेक्शन नाम का अहम इंजन बर्न सफलतापूर्वक पूरा किया है। करीब छह मिनट तक चले इस बर्न के बाद यान ने पृथ्वी की कक्षा छोड़ दी और चांद की ओर अपनी यात्रा तेज कर दी। इस मिशन में रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और जेरेमी हैनसेन शामिल हैं, जो अब तय रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं और हर चरण की जांच कर रहे हैं।
जांच
शुरुआती चरण में सिस्टम की हुई पूरी जांच
लॉन्च के बाद ओरियन ने अपने सोलर पैनल खोल दिए, जिससे उसे ऊर्जा मिलने लगी। इसके बाद अंतरिक्ष यात्रियों और इंजीनियरों ने मिलकर सभी जरूरी सिस्टम की जांच की। यान को पहले पृथ्वी की ऊंची कक्षा में भेजा गया, जहां करीब 24 घंटे तक सिस्टम टेस्ट किए गए। इस दौरान मैनुअल कंट्रोल, कम्युनिकेशन और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं को भी सफलतापूर्वक परखा गया, जिससे आगे की यात्रा सुरक्षित बनी रहे।
परीक्षण
चांद के पास से गुजरकर करेगा अहम परीक्षण
नासा के अनुसार, यह मिशन चांद पर उतरने के लिए नहीं बल्कि उसके चारों ओर घूमकर जरूरी परीक्षण करने के लिए है। 6 अप्रैल, 2026 के आसपास यान चांद के पास पहुंचेगा, जहां अंतरिक्ष यात्री हाई क्वालिटी तस्वीरें और डाटा जुटाएंगे। इससे वैज्ञानिकों को चांद के उन हिस्सों के बारे में भी जानकारी मिलेगी, जिन्हें पहले कभी करीब से नहीं देखा गया। यह मिशन भविष्य के चंद्र अभियानों के लिए बेहद अहम साबित होगा।