नासा का क्रू-13 मिशन कल होगा लॉन्च, 4 अंतरिक्ष यात्रियों को ISS भेजने की तैयारी
नासा और स्पेस-X एक बार फिर साथ आ रहे हैं। वे 4 अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर 6 महीने के एक रोमांचक मिशन पर भेजेंगे।
यह लॉन्च भारतीय समयानुसार गुरुवार (1 अक्टूबर) को रात 8:40 बजे फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से होगा। इस टीम में नासा के अंतरिक्ष यात्री जेसिका वॉटकिन्स और ल्यूक डेलाने, कनाडाई स्पेस एजेंसी के जोशुआ कुट्रिक और रॉसकॉसमॉस के सर्गेई टेटेरिएट्निकोव शामिल हैं।
अंतरिक्ष यात्री क्रू-12 की जगह लेंगे
टीम ने हाल ही में स्पेस-X के ड्रैगन कैप्सूल में एक ड्राई ड्रेस रिहर्सल पूरी की है। इसमें उन्होंने लॉन्च के सभी चरणों को दोहराया। ISS पर पहुंचने के बाद वे क्रू-12 टीम की जगह लेंगे।
वहां वे कई वैज्ञानिक प्रयोगों में जुट जाएंगे। ये ऐसे खास प्रयोग होंगे, जो केवल माइक्रोग्रैविटी में ही किए जा सकते हैं। इनके जरिए हमें दवाइयों, टेक्नोलॉजी और भविष्य की डीप-स्पेस खोजों के बारे में बहुत कुछ जानने को मिलेगा। मौसम की बात करें तो लॉन्च के दिन सब कुछ ठीक रहने की 60 फीसदी संभावना है।